लखनऊ, 20 अप्रैल। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम 24 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को बदलते हुए उन्हें नए जनपदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को शासन स्तर पर तैनाती दी गई है।

जारी सूची के अनुसार अविनाश कुमार को गाजीपुर से हटाकर अलीगढ़ का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं अरविंद सिंह को एटा, अमित आसेरी को बांदा और डॉ. अंकुर लाठर को फर्रुखाबाद का डीएम नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में कविता मीना को हापुड़ और ईशा प्रिथा को अंबेडकरनगर की कमान सौंपी गई है।
चर्चित गौड़ को सोनभद्र का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि अनुपम शुक्ला को अंबेडकरनगर से गाजीपुर भेजा गया है। शशांक त्रिपाठी को बाराबंकी से अयोध्या तथा ईशान प्रताप सिंह को बाराबंकी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
इसी तरह निखित टीकाराम फुंडे को अयोध्या से हटाकर विशेष सचिव, मुख्यमंत्री बनाया गया है। प्रेम रंजन सिंह को एटा से हटाकर अपर राज्य परियोजना निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। अभिषेक पाण्डेय को हापुड़ से हटाकर अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त बनाया गया है।
संजीव रंजन को अलीगढ़ से हटाकर विशेष सचिव, कृषि विभाग, जबकि जे. रीभा को बांदा से हटाकर विशेष सचिव, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में तैनात किया गया है। आशुतोष कुमार द्विवेदी को फर्रुखाबाद से विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग और बद्री नाथ सिंह को सोनभद्र से विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग में भेजा गया है।
विकास प्राधिकरणों में भी फेरबदल करते हुए डॉ. अपरामिता सिंह को बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण और प्रणता ऐश्वर्या को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दीक्षा जैन को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) स्तर पर भी बदलाव किया गया है। उत्कर्ष द्विवेदी को शाहजहांपुर, अभिनय जे. जैन को कानपुर नगर और दीक्षा जोशी को सीतापुर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को सुशासन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक जानकारों का कहना है कि जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती से विकास कार्यों में तेजी आएगी और योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार होगा।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





