15 Best News Portal Development Company In India

यूपी का ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बना ग्लोबल मॉडल, 9 देशों ने अपनाने की जताई इच्छा

SHARE:

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण

लखनऊ, 01 मई। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के वर्चुअल समिट में ब्रिक्स समेत 9 देशों के युवाओं ने उत्तर प्रदेश के ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान की सराहना की और इसे अपने-अपने देशों में अपनाने की बात कही। यह समिट 01 मई को आयोजित हुआ, जिसमें पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत 9 जुलाई 2025 को उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में 37 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया।


एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण
उत्तर प्रदेश ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक ऐसा मॉडल पेश किया है, जिसकी गूंज अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुनाई दे रही है। पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधरोपण किया जा चुका है, जो इसे देश में सबसे आगे खड़ा करता है।
वर्चुअल समिट में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथोपिया, ईरान और इंडोनेशिया के युवा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसा अभियान लोगों को प्रकृति से भावनात्मक रूप से जोड़ता है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। उनका मानना था कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल योजनाएं नहीं, बल्कि जनभावनाओं को जोड़ने वाले प्रयास जरूरी हैं।
प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि वे अपने-अपने देशों में इस तरह के अभियान को लागू करने की दिशा में काम करेंगे, ताकि आम लोगों की भागीदारी बढ़ाई जा सके और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौती से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि इस समिट में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व बागपत के युवा अमन कुमार ने किया। अमन ने भारत की ओर से पर्यावरण संरक्षण और स्वयंसेवा का संदेश दिया और कहा कि हर नागरिक को प्रकृति बचाने के लिए आगे आना होगा।
अमन कुमार को मुख्यमंत्री Yogi Adityanath द्वारा ‘स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यावरण को लेकर जितने व्यापक स्तर पर कार्य हो रहे हैं, वे पहले कभी नहीं देखे गए।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के अनुसार, जब किसी अभियान में भावनात्मक जुड़ाव होता है, तो उसका प्रभाव लंबे समय तक बना रहता है। उत्तर प्रदेश ने इस दिशा में एक मजबूत उदाहरण पेश किया है, जो अब दुनिया के लिए प्रेरणा बन रहा है।
आज जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की चुनौती से जूझ रही है, ऐसे में उत्तर प्रदेश का यह मॉडल यह संदेश देता है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब एक वैश्विक पहल के रूप में उभर रहा है।

 

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854