15 Best News Portal Development Company In India

संपूर्ण समाधान दिवस में गैरहाजिर 26 अधिकारियों पर डीएम सख्त, जारी हुआ कारण बताओ नोटिस

SHARE:

संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई करते अयोध्या डीएम शशांक त्रिपाठी

अयोध्या,10मई(चौथा प्रहरी)। जिले में अधिकारियों की लापरवाही पर डीएम शशांक त्रिपाठी ने सख्त रुख अपनाया है। 2 मई को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने वाले 26 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई जिले की चार तहसीलों में गैरहाजिर पाए गए अधिकारियों पर की गई है। डीएम ने साफ संकेत दिया है कि जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई करते अयोध्या डीएम शशांक त्रिपाठी
जानकारी के अनुसार, संपूर्ण समाधान दिवस में आम लोगों की शिकायतों को सुनने और मौके पर निस्तारण के लिए अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी होती है। इसके बावजूद कई विभागों के जिम्मेदार अधिकारी कार्यक्रम से गायब रहे। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और सभी अनुपस्थित अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
तहसील बीकापुर में सबसे ज्यादा 9 अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें उप मुख्य चिकित्साधिकारी बीकापुर, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, खंड विकास अधिकारी बीकापुर, थाना अध्यक्ष तरुण और हैदरगंज, बाल विकास परियोजना अधिकारी बीकापुर, सचिव मंडी समिति बीकापुर, प्रधान अध्यापक हाई स्कूल पूरा नंदा और विपणन निरीक्षक तारुन शामिल हैं।
वहीं तहसील सदर में 6 अधिकारियों को नोटिस जारी हुआ है। इनमें थाना कोतवाली अयोध्या, थाना राम जन्मभूमि और गोसाईगंज के प्रभारी निरीक्षक, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग, खंड विकास अधिकारी पंचायत मसौधा और सहायक वनरक्षक अयोध्या शामिल हैं।
तहसील सोहावल में भी 6 अधिकारी गैरहाजिर मिले। इनमें थाना पूराकलंदर और रौनाही के प्रभारी निरीक्षक, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता और सहायक वन संरक्षक शामिल हैं।
इसी तरह तहसील मिल्कीपुर में 5 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें चकबंदी अधिकारी मिल्कीपुर, सहायक विकास अधिकारी पंचायत अमानीगंज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर, अमानीगंज और हैरिंगटनगंज के अधीक्षक शामिल हैं।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को अधिकारियों में अनुशासन कायम करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों और जन सुनवाई कार्यक्रमों में लापरवाही को देखते हुए डीएम का यह कदम अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों पर आगे की कार्रवाई भी हो सकती है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई