15 Best News Portal Development Company In India

अवध विहार कॉलोनी की ड्रेन निर्माण की गोहार,बरसात से पहले जलभराव का खतरा बढ़ा

SHARE:

अयोध्या,17 मई(चौथा प्रहरी)। रामनगरी अयोध्या के14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थित खोजनपुर के सामने बनी अवध विहार कॉलोनी के लोगों ने ड्रेन निर्माण को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों से गुहार लगाई है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि अगर बरसात शुरू होने से पहले नाले का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो गंदा पानी पूरी कॉलोनी में भर जाएगा और लोगों का रहना मुश्किल हो जाएगा।

अवध विहार कॉलोनीवासियों द्वारा कमिश्नर अयोध्या मंडल को दिया गया मांग पत्र
मोदहा रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का एक हिस्सा, जो अयोध्या कैंट स्टेशन की तरफ जाता है, चालू हो चुका है। वहीं कौशलपुरी की ओर जाने वाला हिस्सा अभी निर्माणाधीन है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जून के अंत तक इस हिस्से को भी शुरू करने की तैयारी है, लेकिन ड्रेनेज व्यवस्था अब तक अधूरी पड़ी है।
कॉलोनीवासियों के मुताबिक अवध विहार कॉलोनी का निर्माण अयोध्या विकास प्राधिकरण ने कराया था। अब ड्रेन निर्माण में उसी क्षेत्र का बना कॉम्प्लेक्स बाधा बन रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहे हैं। मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक भी पहुंच चुका है।

मुख्यमंत्री पोर्टल आईजीआरएस पर दर्ज शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाका की तरफ ओवरब्रिज से उतरते ही साफ दिखाई देता है कि ड्रेन का निर्माण अधूरा है। सड़क का चौड़ीकरण तो कर दिया गया है, लेकिन जलनिकासी की व्यवस्था नहीं बनाई गई। इससे बरसात में पानी भरने और सड़क खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
कॉलोनीवासियों ने एप्रोच रोड और नाले के निर्माण में अनियमितता का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य स्वीकृत ले-आउट के अनुसार नहीं हो रहा। लोगों ने अयोध्या मंडल के आयुक्त से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अयोध्या में मोदहा ओवरब्रिज के पास अधूरा ड्रेन और निर्माणाधीन सड़क
स्थानीय निवासियों के अनुसार फोरलेन ओवरब्रिज को टू-लेन सड़क से जोड़ा जा रहा है। इससे ट्रैफिक दबाव बढ़ेगा और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। वहीं नाले का निर्माण कई जगह संकरा और टेढ़ा-मेढ़ा किया जा रहा है, जिससे जलनिकासी प्रभावित हो सकती है।
फ्लाईओवर के सामने बने कॉम्प्लेक्स के पास सड़क पर ठोकर जैसी स्थिति बनने की भी शिकायत सामने आई है। लोगों का कहना है कि इसी वजह से डिवाइडर का निर्माण सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल आईजीआरएस पर भी दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों की मांग है कि तकनीकी जांच कराकर निर्माण कार्य को स्वीकृत मानकों के अनुसार पूरा कराया जाए।
अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में यह क्षेत्र जलभराव, ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों की बड़ी समस्या का सामना कर सकता है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854