लखनऊ, 21 मई(चौथा प्रहरी)। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीट वेव को देखते हुए Yogi Adityanath ने सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राहत और बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न हो। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि लोगों को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से होने वाली दूसरी बीमारियों से बचाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस दौर में अस्पतालों, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए।
सीएम योगी ने सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज के लिए पूरे इंतजाम रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में जरूरी दवाएं, बेड, आईवी फ्लूइड और डॉक्टरों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित हो। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को भी सक्रिय रखने को कहा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में नियमित समीक्षा करने और जहां भी समस्या मिले उसका तुरंत समाधान कराने को कहा है। उन्होंने माना कि भीषण गर्मी में लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी बिजली कटौती और पानी की कमी से होती है, इसलिए इन दोनों व्यवस्थाओं को प्राथमिकता पर ठीक रखा जाए।
सीएम योगी ने बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि दोपहर के समय बच्चों को बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने दें और उन्हें लगातार पानी पिलाते रहें। बुजुर्गों को भी तेज धूप से बचाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई है।
उन्होंने लोगों से हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, ज्यादा पानी पीने, ओआरएस और नींबू पानी का सेवन करने और धूप में निकलते समय सिर ढककर रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां लोगों को लू और गर्मी से बचा सकती हैं।
आग लगने की घटनाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और आम लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेतों, बाजारों, गोदामों और रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा उपायों का खास ध्यान रखा जाए। फायर विभाग को भी पूरी तैयारी रखने को कहा गया है।
निर्माण कार्यों और खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों और श्रमिकों को लेकर भी सरकार ने चिंता जताई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यस्थलों पर पेयजल, छाया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था हो। तेज गर्मी के दौरान श्रमिकों से लगातार काम न कराया जाए और उन्हें समय-समय पर आराम दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। साथ ही जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से लोगों के बीच जागरूकता फैलाने को भी कहा गया है। सरकार का कहना है कि जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





