अयोध्या, 21 मई(चौथा प्रहरी)। रामनगरी अयोध्या अब धार्मिक पर्यटन के साथ फूलों की खेती का भी बड़ा केंद्र बनने जा रही है। योगी सरकार ने अयोध्या के पिरखौली क्षेत्र में प्रदेश का पहला ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर’ बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह केंद्र तीन हेक्टेयर भूमि पर विकसित होगा। यहां डच रोज और गेंदे समेत कई उन्नत किस्मों के फूल तैयार किए जाएंगे।
उद्यान विभाग के मुताबिक यह केंद्र फूल उत्पादकों के लिए तकनीकी और प्रशिक्षण हब की तरह काम करेगा। किसानों को आधुनिक तरीके से फूलों की खेती, कीट प्रबंधन, सिंचाई और बाजार से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इससे स्थानीय किसान पारंपरिक खेती के साथ फूलों की खेती की ओर भी बढ़ सकेंगे।
उप निदेशक उद्यान अनूप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि केंद्र में आधुनिक ग्रीनहाउस, ड्रिप इरिगेशन, सोलर पावर और टिश्यू कल्चर लैब जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। किसान यहां विशेषज्ञों से सीधे सलाह ले सकेंगे और बेहतर गुणवत्ता के फूल तैयार कर पाएंगे।

इस परियोजना का एक बड़ा उद्देश्य राम मंदिर में रोजाना होने वाली पूजा-अर्चना के लिए स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण फूल उपलब्ध कराना भी है। अभी बड़ी मात्रा में फूल बाहर से मंगाने पड़ते हैं। केंद्र शुरू होने के बाद स्थानीय उत्पादकों को सीधा बाजार मिलेगा और बाहरी निर्भरता कम होगी।
सरकार का मानना है कि यह परियोजना किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेगी। फूलों की खेती के साथ ड्राई फ्लावर, पैकेजिंग और एक्सपोर्ट जैसे नए अवसर भी खुलेंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
परियोजना से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए मौके भी बनेंगे। फूलों की कटाई, पैकेजिंग, परिवहन और विपणन जैसे कामों में सैकड़ों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों के अनुसार अयोध्या के बाद इसी तर्ज पर मथुरा और वाराणसी में भी ऐसे सेंटर स्थापित करने की योजना है। इससे प्रदेश में फूल उत्पादन का बड़ा नेटवर्क तैयार होगा।
पिरखौली में बनने वाला यह सेंटर सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कृषि, धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को जोड़ने वाला नया मॉडल बन सकता है। सरकार को उम्मीद है कि आने वाले समय में अयोध्या फूलों की खेती के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाएगी।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





