15 Best News Portal Development Company In India

अयोध्या की राजनीति में बढ़ी हलचल, विकास सिंह की सक्रियता ने तेज किए 2027 के कयास

SHARE:

मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के दौरान विकास सिंह

अयोध्या,28मई(चौथा प्रहरी)। रामनगरी अयोध्या की राजनीति में इन दिनों पूर्व सांसद लल्लू सिंह के पुत्र और कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह का नाम तेजी से चर्चा में है। लगातार बढ़ती उनकी राजनीतिक सक्रियता ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चाओं का माहौल बना दिया है। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि विकास सिंह अयोध्या विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुट गए हैं।

मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के दौरान विकास सिंह
बीते कुछ समय से विकास सिंह लगातार क्षेत्र में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। वह जनता के बीच पहुंच रहे हैं, सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं और स्थानीय मुद्दों पर भी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। इसी बीच उनकी प्रदेश के बड़े नेताओं से लगातार मुलाकातों ने राजनीतिक अटकलों को और तेज कर दिया है।
हाल ही में विकास सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से मुलाकात की। इन मुलाकातों को सिर्फ औपचारिक नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक जानकार इसे उनके बढ़ते राजनीतिक कद और भविष्य की तैयारी से जोड़कर देख रहे हैं।
अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में भी विकास सिंह को लेकर चर्चा तेज हो गई है। समर्थकों का कहना है कि वह युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। वहीं विपक्षी दल भी उनकी बढ़ती सक्रियता पर नजर बनाए हुए हैं।
विकास सिंह का खेल और संगठन से जुड़ा अनुभव भी उनकी राजनीतिक यात्रा में अहम माना जा रहा है। कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। अब उसी नेटवर्क और जनसंपर्क को राजनीति में मजबूत आधार के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में अयोध्या की राजनीति में नई पीढ़ी के नेताओं की भूमिका बढ़ सकती है। ऐसे में विकास सिंह की सक्रियता 2027 के चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। फिलहाल उन्होंने चुनाव लड़ने को लेकर खुलकर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन लगातार बढ़ती राजनीतिक मौजूदगी ने संकेत जरूर दे दिए हैं कि वह बड़ी भूमिका की तैयारी में हैं।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854