लखनऊ,12जून( चौथा प्रहरी)। उत्तर प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई को सहारा देने वाली पिछड़ा वर्ग पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना का बड़ा असर देखने को मिला है। वर्ष 2025-26 में इस योजना के तहत 8.88 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिला है। लाभार्थियों की संख्या के मामले में प्रयागराज जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, जहां 39,892 विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति की राशि पहुंची।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में मदद देना है। सरकार का कहना है कि शिक्षा किसी भी बच्चे के लिए आर्थिक अभाव की वजह से बाधित नहीं होनी चाहिए।
आंकड़ों के अनुसार प्रयागराज के बाद आजमगढ़ दूसरे स्थान पर रहा। यहां 35,785 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति मिली। गाजीपुर में 32,872, जौनपुर में 31,475 और कुशीनगर में 26,137 विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिला। इस तरह ये जिले प्रदेश के टॉप-5 लाभार्थी जिलों में शामिल रहे।
योजना के तहत कुल लाभार्थियों में 4.58 लाख से अधिक छात्राएं और 4.30 लाख से अधिक छात्र शामिल हैं। इसके अलावा तीन ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों को भी छात्रवृत्ति प्रदान की गई। छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक होना प्रदेश में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना मुख्य रूप से कक्षा 9 और 10 में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए संचालित की जाती है। पात्र छात्रों को 150 रुपये प्रतिमाह की दर से अधिकतम 10 माह तक छात्रवृत्ति दी जाती है। इसके साथ 750 रुपये का वार्षिक अनुदान भी मिलता है। इस तरह एक विद्यार्थी को कुल 2,250 रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
योजना का लाभ उन परिवारों के बच्चों को दिया जाता है जिनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये या उससे कम है। कई परिवारों में आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में यह सहायता विद्यार्थियों को स्कूल से जुड़े रहने और आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद करती है।
सरकार ने छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया है। विद्यार्थी छात्रवृत्ति प्रबंधन प्रणाली की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करते हैं और स्वीकृत राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और लाभार्थियों तक समय पर सहायता पहुंच रही है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का मजबूत आधार तैयार कर रही है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो और हर पात्र विद्यार्थी को समय पर सहायता मिले।
आने वाले समय में इस योजना का लाभ और अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचने की उम्मीद है। शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी योजनाएं स्कूल छोड़ने की दर कम करने और कमजोर वर्गों के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





