लखनऊ,27जून(चौथा प्रहरी)। राजधानी लखनऊ में शनिवार को अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति की उत्तर प्रदेश इकाई के गठन के लिए सम्मेलन आयोजित किया गया। जियामऊ स्थित विश्व संवाद केन्द्र में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक बैंकर्स और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों में कार्यरत कर्मियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन भागीदारी की। सम्मेलन में सर्वसम्मति से पंजाब नेशनल बैंक, प्रयागराज में कार्यरत संजय राय को उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष चुना गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि धीरेंद्र सिंह सहित वरिष्ठ पूर्व सैनिक बैंकर्स ने मां भारती के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर और राष्ट्रगान के साथ की।
समिति के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते श्रम कानूनों के कारण पूर्व सैनिक बैंकर्स की छोटी-छोटी ट्रेड यूनियनों की प्रासंगिकता लगातार कम हो रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयकृत, ग्रामीण और निजी बैंकों के साथ-साथ गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों में कार्यरत पूर्व सैनिकों के लिए एक ऐसे संगठन की जरूरत है जो उनके सेवा संबंधी, सामाजिक और कल्याणकारी हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सके।
आनंद राठौर ने कहा कि समिति का उद्देश्य एक ऐसा अखिल भारतीय मंच तैयार करना है, जिसका संविधान पूरी तरह पारदर्शी और व्यावहारिक हो। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन में आर्थिक योगदान न्यूनतम रखा जाएगा ताकि अधिक से अधिक सदस्य जुड़ सकें और संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत बन सके।
सम्मेलन में नए श्रम कानूनों के बीच पूर्व सैनिक बैंकर्स की ट्रेड यूनियनों के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। धीरेंद्र सिंह, आनंद राठौर, मृगांक श्रीवास्तव, संजय राय, विकास रावत, संतोष कुमार, राजेश तिवारी, आशुतोष पाठक और विशाल निगम ने इस विषय पर अपने विचार रखे।
इसके अलावा राजेश जायसवाल, आलोक कुमार, चन्द्रजीत सिंह, योगेश दीक्षित, रीतेश श्रीवास्तव, अनुराग पाण्डेय, विनीत पाण्डेय और राजमणि उपाध्याय ने पूर्व सैनिक बैंकर्स के हितों की रक्षा के लिए पैरेंटल यूनियनों के साथ बेहतर समन्वय बनाने और समिति की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक के दौरान समिति का प्रस्तावित संविधान सभी सदस्यों के सामने रखा गया। इस पर विस्तृत चर्चा और सुझावों के बाद इसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश इकाई के गठन की प्रक्रिया पूरी करते हुए संजय राय को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम का संचालन मृगांक श्रीवास्तव ने किया। समिति के संरक्षक धीरेंद्र सिंह ने सभी सदस्यों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वंदे मातरम् और राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद राठौर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
समिति का मानना है कि संगठित मंच बनने से भविष्य में पूर्व सैनिक बैंकर्स की सेवा, कल्याण और अन्य व्यावसायिक हितों से जुड़े मुद्दों को अधिक मजबूती से उठाया जा सकेगा।
टैग: भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स, भूतपूर्व सैनिक बैंकर्स कल्याण समिति, लखनऊ, संजय राय, आनंद राठौर, धीरेंद्र सिंह, पंजाब नेशनल बैंक, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश, बैंकिंग न्यूज, पूर्व सैनिक, ट्रेड यूनियन, श्रम कानून, NBFC, संगठन सम्मेलन
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





