Breaking News
चौथा प्रहरी न्यूज: 1 जुलाई से शुरू होगा यूपी का वन महोत्सव, घर-घर पहुंचेंगे आम के पौधे चौथा प्रहरी न्यूज : UPTET 2026: 20 लाख अभ्यर्थियों के लिए कड़े इंतजाम, मुख्यमंत्री योगी ने कहा- परीक्षा निष्पक्ष और तनावमुक्त हो चौथा प्रहरी न्यूज: रायबरेली अस्पताल में मरीज से अभद्रता पर बड़ी कार्रवाई, डिप्टी सीएम के निर्देश पर स्वीपर निलंबित चौथा प्रहरी: 1 जुलाई से स्कूल वाहनों पर सख्त निगरानी, बिना फिटनेस और परमिट वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई यूपी में अब पेपर RC नहीं, चिप और QR कोड वाली स्मार्ट कार्ड RC मिलेगी; 1 अगस्त से नई व्यवस्था लागू चौथा प्रहरी:मुरादाबाद में सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- रामभक्तों पर लाठी-गोली चलाने का सार्वजनिक पश्चाताप करेंगे अखिलेश
15 Best News Portal Development Company In India

चौथा प्रहरी: 1 जुलाई से स्कूल वाहनों पर सख्त निगरानी, बिना फिटनेस और परमिट वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

SHARE:

अयोध्या,30जून(चौथा प्रहरी)। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान चलाएगा। “मिशन: सेफ फ्यूचर” नाम से चलने वाला यह अभियान अयोध्या संभाग के पांच जिलों अयोध्या, अंबेडकर नगर, बाराबंकी, सुलतानपुर और अमेठी में एक साथ लागू होगा। अभियान के दौरान बिना वैध फिटनेस, बिना परमिट और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूल वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अयोध्या में मिशन सेफ फ्यूचर अभियान की जानकारी देते हुए आरटीओ प्रशासन विश्वजीत प्रताप सिंह
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) विश्वजीत प्रताप सिंह ने मंगलवार को बताया कि परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया जा रहा है। विभाग की जांच में कई स्कूल वाहन बिना फिटनेस या बिना वैध परमिट के चलते मिले हैं। ऐसे वाहन बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। इसी को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है।
अभियान के पहले चरण में 1 से 7 जुलाई तक जागरूकता पर जोर रहेगा। जिन स्कूलों के वाहन बिना फिटनेस या बिना परमिट के हैं, उनके प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को नोटिस, फोन और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए 7 जुलाई तक सभी जरूरी दस्तावेज पूरे कराने के लिए कहा जाएगा।
इसी दौरान अधिकारियों की टीमें हर जिले को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर स्कूलों का दौरा करेंगी। स्कूल वाहनों का मौके पर भौतिक सत्यापन किया जाएगा और उनकी वास्तविक स्थिति देखी जाएगी।
जुलाई के पहले सप्ताह में सभी पांच जिलों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक भी होगी। इसमें स्कूल वाहनों के सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने पर चर्चा की जाएगी। अभियान की जानकारी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार लोगों तक पहुंचाई जाएगी ताकि अभिभावक भी जागरूक रहें।
दूसरे चरण में 8 से 15 जुलाई तक प्रवर्तन अभियान चलेगा। परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम स्कूल वाहनों की जांच करेगी। बिना फिटनेस, बिना परमिट या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें बंद भी कराया जाएगा।
निजी क्षेत्र के ऐसे वाहन भी जांच के दायरे में होंगे जो स्कूली बच्चों को लाते-ले जाते हैं। यदि कोई वाहन अनफिट या बिना वैध दस्तावेज के मिला तो उसे तब तक नहीं छोड़ा जाएगा, जब तक वह सभी जरूरी नियम पूरे नहीं कर लेता।
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि बार-बार चेतावनी के बाद भी यदि कोई स्कूल बिना फिटनेस और बिना परमिट वाले वाहनों का संचालन करता मिला तो उसकी जानकारी जिलाधिकारी के माध्यम से शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी। ऐसे मामलों में स्कूल की मान्यता निरस्त करने की भी संस्तुति की जा सकती है।
संभागीय परिवहन अधिकारी ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों के स्कूल वाहन की फिटनेस, परमिट, प्रशिक्षित चालक, फर्स्ट-एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और स्पीड गवर्नर जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी जरूर रखें। यदि कोई असुरक्षित वाहन दिखाई दे तो इसकी सूचना परिवहन विभाग को दें।
यह अभियान पूरे अयोध्या संभाग में एक साथ चलेगा। विभाग रोजाना इसकी समीक्षा करेगा। माना जा रहा है कि इस अभियान से स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन बेहतर होगा और बच्चों की यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित बन सकेगी।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई