बिहार के दसवें मुख्यमंत्री का शपथ लेकर नीतीश कुमार ने रचा इतिहास
भाजपा कोटे से दो उपमुख्यमंत्री व 14 को मिली मंत्रिमंडल में जगह
पटना (चौथा प्रहरी) 20 नवंबर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को दसवीं बार पद की शपथ ली, जो प्रदेश की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू करता है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में पटना के गांधी मैदान में आयोजित उत्सवी समारोह में नीतीश कुमार के साथ 26 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने शपथ ग्रहण किया।
बिहार राज्य के गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के अलावा दो उपमुख्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस मंत्रिमंडल में भाजपा के सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को उपमुख्यमंत्री की गद्दी सौंप गई है। एनडीए के अन्य दलों में सामंजस बैठाने के लिए मंत्रिमंडल में विभिन्न दलों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है, जिसमें भाजपा को 14, जनता दल (यूनाइटेड) को 8, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 2, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा को एक और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक स्थान मिला है। जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए युवा और अनुभवी नेताओं का चयन किया गया, जिसमें एक मुस्लिम चेहरा भी शामिल है। नए मंत्रियों में श्रेयसी सिंह, रामकृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रौशन, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश जैसे नाम प्रमुख हैं। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत 16 राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत प्रधानमंत्री मोदी ने जनता का अभिवादन किया और गमछा लहराकर उत्साह बढ़ाया, जिसका जनसमूह ने भी जोरदार स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश को मंत्रिमंडल में जगह दिया गया है। वह किसी सदन के सदस्य नहीं हैं, इसलिए उन्हें विधान परिषद में मनोनीत किया जा सकता है। बतादें कि पहले उनकी मां स्नेहलता कुशवाहा का नाम चर्चा में था, जो पहली बार विधायक चुनी गई हैं। जबकि जीतन राम मांझी के पुत्र और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन को पुनः मंत्री बनाया गया है। पिछली सरकार में उनके पास लघु जल संसाधन मंत्रालय था। हम से इस बार 5 विधायक चुन कर आए हैं।
सबसे कम उम्र की मंत्री श्रेयसी सिंह (34) बनी हैं, वहीं बिजेंद्र प्रसाद यादव (79) सबसे बुजुर्ग मंत्री बने हैं। श्रेयसी पूर्व रेल राज्य मंत्री दिग्विजय सिंह की पुत्री हैं। कॉमनवेल्थ में शूटिंग में गोल्ड ले चुकी हैं। वहीं 9वीं बार जीत कर विधासभा पहुंचे हैं।बिजेंद्र यादव यह मंत्रिमंडल एनडीए गठबंधन की मजबूती को दर्शाता है, जहां सभी सहयोगी दलों को उचित प्रतिनिधित्व मिला है। शपथ ग्रहण के बाद विभागों का बंटवारा शीघ्र किए जाने के आसार हैं, माना जा रहा है जो बिहार प्रदेश के विकास कार्यों को गति प्रदान करने में मददगार साबित हो सकता है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






