विश्व एकता के लिए ध्यान योग का शुभारंभ करने 28 नवंबर को आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
लखनऊ चौथा प्रहरी 22 नवंबर।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय विश्व एकता एवं विश्वास के लिए ध्यान (योग) का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। राजयोग प्रशिक्षण केंद्र (गुलजार उपवन) सुलतानपुर मार्ग में 28 नवंबर को इस कार्यक्रम का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उद्घाटन करेंगी। संस्था की राधा दीदी ने बताया कि विश्व परिवर्तन सिद्धांत के माध्यम से शांतिपूर्ण विश्व की पुनर्स्थापना करने के लिए हम सभी प्रयासरत हैं। ब्रह्माकुमारी संस्था की स्थापना आध्यात्मिक अध्ययन और अभ्यास के माध्यम से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए की गई है।वर्तमान में विश्व एकता और विश्वास का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक तनाव, अविश्वास और वैश्विक चुनौतियों के बीच आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग ध्यान मानव मन को शांति, स्थिरता और नैतिक दिशा देते हैं। ब्रह्माकुमारीज वर्षों से इस क्षेत्र में निरंतर सेवाएं दे रही है।एकता से ही विश्वास आ सकता है।उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति वर्ष 2009 से इस संस्था के अनेकानेक कार्यक्रमों का हिस्सा बन चुकी हैं। यूपी में पहली बार संस्था के कार्यक्रम में आ रही हैं। कार्यक्रम में यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजयोगी मृत्युंजय भाई, राजयोगिनी संतोष दीदी सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, राजयोग प्रशिक्षक व अनेक सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






