15 Best News Portal Development Company In India

लखनऊः प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जोन-1 के विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई को लेकर किया औचक निरीक्षण

SHARE:

 

नालियों की खराब सफाई और सड़कों पर फैली गंदगी को लेकर व्यक्त की कड़ी नाराज़गी

जोनल अधिकारी सहित संबंधित सभी कर्मचारियों का दो दिन का वेतन काटने का दिया निर्देश

समस्त जोनल अधिकारी अपने-अपने जोन में एक या दो वार्डों का प्रतिदिन करें स्थलीय निरीक्षण

लखनऊ, 16 जनवरी।योगी सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जोन-1 के विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उनके साथ महापौर सुषमा खर्कवाल भी उपस्थित थी। निरीक्षण का उद्देश्य जमीनी स्तर पर साफ-सफाई व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था। उन्होंने जोन-01 के 05 वार्डों का निरीक्षण किया। इनमें विक्रमादित्य महात्मा गांधी वार्ड, बाबू बनारसी दास वार्ड, लालकुआं वार्ड ,नज़रबाग वार्ड, जेसी बोस वार्ड सम्मिलित है।

प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम जोन-1 अंतर्गत विक्रमादित्य महात्मा गांधी वार्ड स्थित योजना भवन, डायमंड डेयरी एवं उदयगंज क्षेत्र में पहुचे। यहां नालियों की खराब सफाई और सड़कों पर फैली गंदगी को लेकर उन्होंने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने जोनल अधिकारी से लेकर संबंधित सभी कर्मचारियों का सर्विस अवरूद्ध किए बिना दो दिन का वेतन काटे जाने का निर्देश दिया। संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई कराने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डायमंड डेयरी उदयगंज क्षेत्र में पाया कि कुछ स्थानों पर सड़क पर मलबा और कचरा अव्यवस्थित रूप से डाला गया है। इस पर मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे तत्वों के विरुद्ध बिना किसी ढिलाई के जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है। डायमंड डेयरी के पास स्थित पंपिंग स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्र में वर्षों से खाली पड़े एक प्लॉट में भारी मात्रा में जमा मलबा पाए जाने पर अधिकारियों को तत्काल उसे हटाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित प्लॉट स्वामी के विरुद्ध कड़ा जुर्माना लगाने के भी सख्त आदेश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो। सुरेश कुमार खन्ना को जोन-1 के बाबू बनारसी दास वार्ड में निरीक्षण के दौरान हैदर कैनाल की रिटेनिंग वॉल की जर्जर स्थिति के बारे में स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वॉल की मरम्मत शीघ्र कराई जाए और कैनाल के आसपास नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जलभराव और दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके। उन्होंने लालकुआं वार्ड के निरीक्षण के दौरान नालियों से होकर गुजर रही पेयजल पाइपलाइन पर विशेष चिंता जताई। इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए उक्त पाइपलाइन को तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नालियों की सफाई और कूड़े के नियमित उठान पर भी जोर दिया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुशील तिवारी ने मंत्री जी को अवगत कराया कि क्षेत्र में साफ सफाई के लिए कई पत्र उनके द्वारा कार्यदायी संस्था लखनऊ स्वच्छता अभियान को लिखे गए उसके बावजूद भी वार्ड में साफ सफाई के कार्य का हैंडओवर कंपनी के द्वारा नहीं लिया गया है। जिसको लेकर उन्होंने अधिकारियों को इसे जल्द से जल्द निपटारा कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी मंत्री ने नज़रबाग वार्ड के सुंदरबाग क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जेसी बोस वार्ड में निरीक्षण के दौरान नालियों की समुचित सफाई, सार्वजनिक यूरिनल निर्माण तथा सीवर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री जी ने कहा कि बुनियादी सुविधाओं का सीधा संबंध आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर से है। उन्होंने निर्देश दिया कि समस्त जोनल अधिकारी अपने-अपने जोन में एक या दो वार्डों का प्रतिदिन स्थलीय निरीक्षण करें और साफ-सफाई व्यवस्था गंभीरता से लेते हुए चुस्त-दुरूस्त कराएं। उन्होंने कहा कि पेयजल पाईपलाइन नालियों से होकर न गुजरे, इस पर गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जलनिकासी और नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। नगर निगम और संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि नालियों की नियमित सफाई, कूड़े का समयबद्ध उठान और सीवर व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रहे। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करेगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। साफ-सफाई, पेयजल और सीवर से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और नियमितता बेहद आवश्यक है। अधिकारी और संबंधित कर्मचारी जमीनी स्तर पर कार्य करें और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लखनऊ को स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाया जा सके।निरीक्षण अभियान के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, चीफ इंजीनियर (सिविल) महेश वर्मा, चीफ इंजीनियर (आरआर) मनोज प्रभात, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, जोन-1 के जोनल अधिकारी ओपी सिंह, अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा तथा सेनेटरी ऑफिसर कुलदीपक सिंह एवं स्वच्छता प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार मिश्रा सहित नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई