जनपद आगरा के चार यात्रीकर अधिकारी निलंबित, स्कूली बस दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग की कार्रवाई
लखनऊ। प्रदेश की परिवहन आयुक्त Kinjal Singh द्वारा परिवहन मंत्री के निर्देशों पर दायित्वों के निर्वहन में घोर उदासीनता एवं शिथिलता बरतने के आरोप में जनपद आगरा में तैनात चार यात्रीकर अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित अधिकारियों में Neelam, Amit Verma, Sharda Mishra तथा Shiv Kumar Mishra शामिल हैं। साथ ही शासन को सहायक संभागीय प्रवर्तन अधिकारी आगरा को निलंबित करने की संस्तुति भी भेजी गई है।

परिवहन आयुक्त ने बताया कि 11 मार्च 2026 को अपराह्न लगभग 2:30 बजे जनपद आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में स्थित आरबीएस हायर सेकेंडरी स्कूल, अगवार रोड भागूपुर (हवेली) की एक स्कूली बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में एक बच्ची की दुखद मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में मृतका के पिता द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
उप परिवहन आयुक्त आगरा द्वारा अन्य अधिकारियों के साथ किए गए भौतिक निरीक्षण में बस की तकनीकी स्थिति खराब पाई गई। जबकि जनपद आगरा में तैनात प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा उक्त वाहन के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा 15 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक तथा 1 जुलाई से 15 जुलाई 2025 तक विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश सभी परिवहन अधिकारियों को दिए गए थे। इसके अतिरिक्त समय-समय पर स्कूली वाहनों एवं अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश भी विभाग द्वारा जारी किए जाते रहे हैं।
इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्य एवं मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों के प्रति घोर उदासीनता और शिथिलता पाई गई, जो कि उत्तर प्रदेश सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
निलंबन अवधि के दौरान सभी अधिकारी परिवहन आयुक्त कार्यालय से संबद्ध रहेंगे। मामले की जांच के लिए Sanjay Singh को जांच अधिकारी नामित किया गया है, जो जांच प्रक्रिया पूर्ण कर एक माह के भीतर अपनी जांच आख्या प्रस्तुत करेंगे।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






