अम्बेडकर नगर, 4 अप्रैल। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की त्वरित और मानवीय कार्रवाई का एक और उदाहरण सामने आया है, जहां इज़राइल के संघर्षग्रस्त क्षेत्र में फंसे अम्बेडकर नगर निवासी अखिलेश कुमार को सकुशल भारत वापस लाया गया। इस पूरे अभियान ने न केवल प्रशासनिक तत्परता को दर्शाया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय की मजबूत क्षमता को भी उजागर किया।

अखिलेश कुमार रोजगार के सिलसिले में इज़राइल के नेटान्या शहर गए थे, लेकिन वहां अचानक उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों और नियोक्ता के असहयोग के कारण वे गंभीर मानसिक तनाव में आ गए। हालात इतने बिगड़ गए कि वे स्वयं वापस लौटने की स्थिति में नहीं रहे। इस कठिन परिस्थिति में उनकी पत्नी किरण देवी ने 25 मार्च 2026 को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से अपने पति की सुरक्षित वापसी के लिए भावनात्मक अपील की।
प्रकरण की गंभीरता को समझते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले को शासन तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को अखिलेश की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद 28 मार्च को इज़राइल स्थित भारतीय दूतावास को औपचारिक पत्र भेजा गया और भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए इज़राइल और जॉर्डन में स्थित भारतीय मिशनों के साथ समन्वय शुरू किया।
इज़राइल के हवाई अड्डे बंद होने के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। ऐसे में वैकल्पिक रणनीति अपनाते हुए अखिलेश के लिए जॉर्डन के जरिए वापसी की योजना बनाई गई। 1 अप्रैल को उनके लिए जॉर्डन का वीज़ा और अंतरराष्ट्रीय हवाई टिकट की व्यवस्था की गई। 2 अप्रैल को उन्हें विशेष वाहन से सुरक्षित रूप से भारतीय दूतावास, तेल अवीव पहुंचाया गया, जहां से उन्हें स्थल मार्ग से जॉर्डन सीमा तक ले जाया गया।
जॉर्डन पहुंचने के बाद भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की सहायता से उन्हें अम्मान पहुंचाया गया। वहां से उन्होंने रॉयल जॉर्डनियन फ्लाइट के जरिए 2 अप्रैल की रात भारत के लिए उड़ान भरी और 3 अप्रैल की सुबह मुंबई हवाई अड्डे पर सुरक्षित पहुंचे। मुंबई में एयरलाइन प्रतिनिधियों और एयर इंडिया के स्टाफ ने उन्हें पूरी सहायता प्रदान की। इसके बाद एयर इंडिया की फ्लाइट से वे लखनऊ पहुंचे।
लखनऊ पहुंचने पर अखिलेश कुमार का अपने परिजनों से भावुक मिलन हुआ। इसके बाद उन्हें उनके गृह जनपद अम्बेडकर नगर के ग्राम हजपुरा, तहसील जलालपुर तक सुरक्षित पहुंचा दिया गया। गांव पहुंचने पर परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया।
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश सरकार, भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, इज़राइल और जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावासों, स्थानीय प्रशासन, एयरलाइंस और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी संबंधित संस्थाओं और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
शनिवार को अखिलेश कुमार अपनी पत्नी किरण देवी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी से मुलाकात कर उनका धन्यवाद किया। इस दौरान अखिलेश ने कहा कि वे जीवन के बेहद कठिन दौर से गुजर रहे थे, लेकिन सरकार और प्रशासन के प्रयासों के कारण ही वे सुरक्षित अपने परिवार के बीच लौट सके। वहीं, किरण देवी ने भी मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी एक अपील को गंभीरता से लिया गया, जिससे उनके पति की जान बच सकी।
यह पूरा घटनाक्रम योगी सरकार की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह भी स्पष्ट करता है कि संकट की स्थिति में सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करने को तैयार है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






