गोरखपुर। जनपद में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने एक बार फिर अपनी संवेदनशील कार्यशैली का परिचय दिया। गुरुवार सुबह Gorakhnath Temple परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

इसी दौरान श्रावस्ती से आई एक महिला ने अपने गंभीर रूप से बीमार बच्चे के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई। महिला ने बताया कि उसके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, जिसके कारण वह इलाज कराने में असमर्थ है। बच्चे की हालत देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए और तुरंत सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने महिला को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने दी जाएगी।” उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला का आयुष्मान कार्ड जल्द से जल्द बनवाया जाए और इलाज के लिए हर जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अपने विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता देने की बात कही।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस मामले को श्रावस्ती के जिलाधिकारी को भेजा जाए और इलाज का पूरा इस्टीमेट तैयार कर शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर मदद सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री के इस त्वरित और संवेदनशील रवैये से महिला को बड़ी राहत मिली।
जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों तक जाकर उन्होंने व्यक्तिगत रूप से प्रार्थना पत्र लिए और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से होना चाहिए।
अपराध और जमीन कब्जे से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंचीं थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से मुलाकात की, उन्हें दुलार दिया और चॉकलेट देकर आशीर्वाद भी दिया। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
मुख्यमंत्री का यह मानवीय और संवेदनशील रूप जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश देता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार आम लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और हर जरूरतमंद की मदद के लिए तत्पर है।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





