लखनऊ 22 अप्रैल। 69000 सहायक शिक्षक भर्ती में 19000 सीटों पर कथित आरक्षण विवाद को लेकर वर्षों से न्याय की लड़ाई लड़ रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर दिखा। वर्ष 2020 से हाईकोर्ट में याची बने अभ्यर्थियों ने आज लखनऊ विधानसभा का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
सैकड़ों की संख्या में पहुंचे आरक्षण पीड़ित अभ्यर्थियों ने करीब 10 से 15 मिनट तक धरना देते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले 18 महीनों से उत्तर प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट में उनके मामले को लेकर प्रभावी पैरवी नहीं कर रही है, जिससे उन्हें न्याय मिलने में देरी हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान “योगी जी हमें न्याय दो” और “सुप्रीम कोर्ट में याची लाभ का प्रस्ताव पेश करो” जैसे नारे गूंजते रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर Eco Garden भेज दिया।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पिछड़ा दलित संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप और धनंजय गुप्ता ने आरोप लगाया कि इस भर्ती में आरक्षण नियमों का गंभीर उल्लंघन हुआ है। उनका कहना है कि ओबीसी वर्ग को 27% की जगह मात्र 3.86% और एससी वर्ग को 21% के बजाय कम आरक्षण दिया गया।
उन्होंने बताया कि यह मामला वर्ष 2020 से Allahabad High Court की लखनऊ खंडपीठ में विचाराधीन रहा और 13 अगस्त 2024 को डबल बेंच ने भर्ती की पूरी सूची रद्द कर दी थी। साथ ही राज्य सरकार को तीन महीने के भीतर नई मूल चयन सूची तैयार करने का आदेश भी दिया गया था।
हालांकि, प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अब तक न तो नई चयन सूची जारी की गई और न ही याची अभ्यर्थियों को कोई राहत दी गई है।
मोर्चा के प्रदेश महासचिव सुमित यादव ने कहा कि यदि राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट में जल्द सुनवाई सुनिश्चित कर याची लाभ का प्रस्ताव प्रस्तुत कर दे, तो लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थी किसी चयनित शिक्षक को हटाने की मांग नहीं कर रहे, बल्कि केवल याची अभ्यर्थियों को उनका वैधानिक लाभ दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार सुप्रीम कोर्ट में ठोस पहल नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान सुशील कश्यप, धनंजय गुप्ता, सुमित यादव, मनोज प्रजापति, नकुल यादव, रामविलास यादव, पुष्पेंद्र सिंह, राजेश चौधरी, शोभा, कंचन, दीपिका राजपूत, इसरार अली, लइक अहमद सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





