अयोध्या, 22 अप्रैल।अयोध्या में अधिवक्ता संघ द्वारा आयोजित भव्य विदाई समारोह उस समय बेहद भावुक हो गया, जब निवर्तमान जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे मंच पर अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक नजर आए। आचार्य नरेंद्र देव सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक और न्यायिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की और डीएम के कार्यकाल की खुलकर सराहना की।

कार्यक्रम की शुरुआत अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पंडित कालिका प्रसाद मिश्र द्वारा जिलाधिकारी के भव्य स्वागत से हुई। उन्हें भगवान रामलला की प्रतिमा, अंगवस्त्र और पुष्पमालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया। सभागार में मौजूद अधिवक्ताओं और अतिथियों ने तालियों की गूंज के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे माहौल गरिमामय होने के साथ-साथ भावुक भी हो उठा।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता सौरव मिश्रा ने प्रभावशाली ढंग से किया। मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश रणंजय कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि डीएम फुंडे ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासन के विभिन्न अंगों के बीच उत्कृष्ट समन्वय स्थापित किया और जटिल समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया। उन्होंने उन्हें एक सफल और संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि जहां भी उनकी अगली तैनाती होगी, वे उसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए अयोध्या और यहां के अधिवक्ताओं से जुड़े रहेंगे।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने भी जिलाधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ कार्य करना पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए सीखने वाला अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि उनका स्थानांतरण मुख्यमंत्री कार्यालय, लखनऊ में हुआ है, जहां वे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
समारोह में अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने गीता के श्लोकों के माध्यम से डीएम की प्रशंसा की, जबकि पूर्व अध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह ने उनके कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों का विस्तृत उल्लेख किया। एल्डर कमेटी के सदस्यों और अधिवक्ताओं ने पुष्पगुच्छ और मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
वर्तमान अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने कहा कि जिलाधिकारी की कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता ने अयोध्या के विकास को नई दिशा दी है। उनका स्थानांतरण न केवल प्रशासन बल्कि अधिवक्ता समाज के लिए भी एक बड़ी क्षति है।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं द्वारा भगवान राम पर आधारित भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किए गए, जिससे वातावरण और अधिक भावुक हो गया। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे इस स्नेह और सम्मान से अभिभूत नजर आए। उन्होंने अधिवक्ता संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अयोध्या में बिताया गया समय उनके जीवन के सबसे यादगार अध्यायों में से एक रहेगा।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे भविष्य में भी अयोध्या के विकास और अधिवक्ताओं के हितों के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में उन्हें अयोध्या का प्रसाद स्वरूप मिठाइयां और उपहार भेंट किए गए।
इस अवसर पर सीजेएम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से विजय शंकर पांडे, गिरीश तिवारी, राकेश मिश्रा, माता प्रसाद तिवारी, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, रवि पाठक, राकेश वैद्य, प्रदीप पाठक, सूर्यलाल और दिनेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Author: Chautha Prahari
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





