15 Best News Portal Development Company In India

योगी मंत्रिमंडल का विस्तार, 8 नेताओं ने ली शपथ,भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय बने कैबिनेट मंत्री

SHARE:

लखनऊ,10मई(चौथा प्रहरी)। राजधानी लखनऊ में रविवार को उत्तर प्रदेश की राजनीति का बड़ा दिन रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। जनभवन के गांधी सभागार में आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आठ नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इनमें दो नेताओं को कैबिनेट मंत्री बनाया गया, जबकि चार नए चेहरों को राज्यमंत्री बनाया गया। इसके साथ ही दो मौजूदा राज्यमंत्रियों को प्रमोशन देकर स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया।

योगी मंत्रिमंडल का विस्तार शपथ लेने के उपरांत मुख्यमंत्री और राज्यपाल के साथ डिप्टी सीएम व मंत्रीगण

शपथ लेने वालों में भूपेंद्र सिंह चौधरी और मनोज कुमार पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। वहीं कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश सिंह राजपूत ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके अलावा अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को राज्यमंत्री से प्रमोट कर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान गांधी सभागार में भाजपा नेताओं और समर्थकों की भारी मौजूदगी रही। नए मंत्रियों ने शपथ लेने के बाद राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में सभागार भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।

भूपेंद्र सिंह चौधरी का मंत्रिमंडल में शामिल होना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। वह विधान परिषद सदस्य हैं और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वहीं मनोज कुमार पांडेय रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक हैं और लंबे समय से सक्रिय राजनीति में हैं।

राज्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाली कृष्णा पासवान खागा सीट से विधायक हैं। सुरेंद्र दिलेर खैर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि कैलाश सिंह राजपूत तिर्वा सीट से विधायक हैं। हंसराज विश्वकर्मा विधान परिषद सदस्य हैं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

समारोह में भाजपा संगठन और सरकार के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक समेत कई मंत्री और विधायक कार्यक्रम में शामिल हुए।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए भाजपा ने क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की है। आने वाले चुनावों को देखते हुए पार्टी संगठन और सरकार दोनों को मजबूत करने का संदेश देने का प्रयास भी इसमें दिखाई दे रहा है। नए मंत्रियों के शामिल होने से सरकार की कार्यशैली और राजनीतिक रणनीति दोनों पर असर पड़ सकता है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854