15 Best News Portal Development Company In India

कटियाबाज पोस्टर विवाद के बीच अखिलेश यादव पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का हमला, बिजली व्यवस्था पर उठाए सवाल

SHARE:

लखनऊ में अखिलेश व बिजली मंत्री एके शर्मा से पोस्टर विवाद को लेकर हमला तेज

लखनऊ,11मई(चौथा प्रहरी)। राजधानी लखनऊ में ‘कटियाबाज’ पोस्टरों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर लगाए गए पोस्टरों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा  ने पूर्ववर्ती सपा सरकार की बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

लखनऊ में अखिलेश व बिजली मंत्री एके शर्मा से पोस्टर विवाद को लेकर हमला तेज
शनिवार को मीडिया से बातचीत में ऊर्जा मंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में बिजली चोरी पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई और कई जगहों पर इसे संरक्षण मिला। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश की बिजली व्यवस्था कमजोर हुई, जिसका असर आज भी कुछ क्षेत्रों में दिखाई देता है।
मंत्री ने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान लगाए गए कई ट्रांसफॉर्मर, बिजली तार और खंभों की गुणवत्ता बेहतर नहीं थी। उनके अनुसार, इसी वजह से कई स्थानों पर अब भी तकनीकी समस्याएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
बिजली खरीद को लेकर भी ऊर्जा मंत्री ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय कुछ ऐसे समझौते किए गए, जिनका आर्थिक असर आज भी प्रदेश पर पड़ रहा है। हालांकि इन आरोपों पर समाजवादी पार्टी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
भर्ती प्रक्रिया पर भी मंत्री ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग में पारदर्शिता की कमी से व्यवस्था प्रभावित हुई। साथ ही उन्होंने बिजली विभाग से जुड़े पीएफ निवेश मामले का भी जिक्र किया और इसे गंभीर विषय बताया।
वर्तमान सरकार की उपलब्धियां बताते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली आपूर्ति की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। सरकार के अनुसार, जिला मुख्यालयों में 24 घंटे, तहसील मुख्यालयों में 22 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में औसतन 20 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
सरकार ने यह भी दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में लाखों नए बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। बड़ी संख्या में ट्रांसफॉर्मर लगाए गए, नए सब-स्टेशन बनाए गए और स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेज हुआ है।
कटियाबाज पोस्टर विवाद के बीच आया यह बयान प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकता है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज होने की संभावना है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854