अयोध्या,23 मई (चौथा प्रहरी)। रामनगरी अयोध्या में स्वच्छता को लेकर नगर निगम ने बड़ा जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। शनिवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने रामपथ स्थित तिवारी मंदिर से पदयात्रा निकाली। इस दौरान लोगों से 31 मई को होने वाले विशेष सफाई अभियान में शामिल होने की अपील की गई।

यह पदयात्रा छोटी छावनी, भक्तमाल, रायगंज जैन मंदिर, राजसदन होते हुए तुलसी उद्यान पहुंची। करीब एक घंटे तक चली इस यात्रा में नगर निगम की टीम ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। जगह-जगह घरों और दुकानों पर अभियान से जुड़े स्टीकर भी लगाए गए।
महापौर ने लोगों से कहा कि अगर अयोध्या को देश के टॉप टेन साफ शहरों में लाना है तो हर नागरिक को जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि 31 मई को सुबह सात बजे हर परिवार अपने घर और आसपास सिर्फ आधा घंटा सफाई करे। इससे शहर साफ रहेगा और लोगों में लगातार सफाई की आदत भी बनेगी।
पदयात्रा के दौरान कई इलाकों में लोगों ने महापौर का स्वागत किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने 31 मई के अभियान में शामिल होने का भरोसा भी दिया। नगर निगम की ओर से ध्वनि विस्तारक वाहनों के जरिए लगातार अभियान की जानकारी प्रसारित की गई।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि अभियान में शामिल होने के लिए लोगों को फॉर्म भरने की जानकारी भी दी गई। पदयात्रा में अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रविवार को भी स्वच्छता जनजागरूकता अभियान जारी रहेगा। साकेतपुरी पेट्रोल पंप से सुबह सात बजे महापौर की अगुवाई में दूसरी पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा साकेतपुरी और देवकाली क्षेत्र से होकर पेट्रोल पंप ओवरब्रिज तक जाएगी। इसमें क्षेत्रीय पार्षद और स्थानीय लोग शामिल होंगे।
नगर निगम का मानना है कि अगर इस अभियान में लोगों की भागीदारी बढ़ी तो अयोध्या में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। आने वाले दिनों में ऐसे अभियान शहर के दूसरे इलाकों में भी चलाए जा सकते हैं।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





