15 Best News Portal Development Company In India

नैमिषारण्य को मथुरा-वृन्दावन से जोड़ने की मांग तेज, 9 हजार से ज्यादा लोगों ने भेजे हस्ताक्षरित पत्र

SHARE:

नैमिषारण्य को मथुरा-वृन्दावन से रेल मार्ग से जोड़ने की मांग को लेकर चल रहा अभियान  

लखनऊ, 27मई(चौथा प्रहरी)। प्राचीन तीर्थ नैमिषारण्य को मथुरा-वृन्दावन से रेल मार्ग के जरिए जोड़ने की मांग अब प्रदेशभर में तेज होती जा रही है। “नैमिषारण्य-मथुरा रेल जोड़ो अभियान समिति, उत्तर प्रदेश” के नेतृत्व में चल रहे अभियान में अब तक 8992 से अधिक नागरिक और श्रद्धालु प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को सामूहिक हस्ताक्षरित पत्र भेज चुके हैं। ताजा मामले में सहारनपुर जिले के 526 लोगों ने भी रेल लाइन निर्माण की मांग उठाई है।

नैमिषारण्य को मथुरा-वृन्दावन से रेल मार्ग से जोड़ने की मांग को लेकर चल रहा अभियान
 
समिति के महासचिव अजय पाल सिंह सोमवंशी ने बताया कि नैमिषारण्य जैसे प्राचीन और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल तक सीधी रेल सुविधा नहीं होने से देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसी को देखते हुए नैमिषारण्य से हरदोई होकर फर्रूखाबाद तक करीब 112 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाने की मांग की जा रही है।
समिति का कहना है कि इस रेल लाइन के बनने से नैमिषारण्य का सीधा संपर्क मथुरा-वृन्दावन समेत उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों से हो जाएगा। इसमें काशी, अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा और चित्रकूट जैसे बड़े तीर्थ शामिल हैं। इससे देशभर के श्रद्धालुओं के लिए यात्रा आसान हो सकती है।
अभियान समिति का दावा है कि यह रेल लाइन सिर्फ धार्मिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि रेलवे नेटवर्क के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। प्रस्तावित रेल कॉरिडोर पूर्वोत्तर राज्यों से आने वाली ट्रेनों को गोरखपुर, सीतापुर, नैमिषारण्य, फर्रूखाबाद, मथुरा और आगरा के रास्ते पश्चिमी, मध्य और दक्षिण भारत से जोड़ सकता है। इससे लखनऊ और कानपुर होकर दिल्ली जाने वाले मौजूदा रेल मार्गों पर दबाव कम होने की संभावना भी जताई जा रही है।
समिति के मुताबिक इस परियोजना से लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रूखाबाद, कासगंज, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, कन्नौज और इटावा समेत करीब 15 जिलों की लगभग साढ़े चार करोड़ आबादी को फायदा मिल सकता है। लोगों को जिलों के बीच आने-जाने के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी और व्यापार व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
समिति ने बताया कि लखनऊ, अयोध्या, हरदोई, मथुरा, आगरा, चित्रकूट, गोरखपुर, गाजीपुर, सीतापुर और सहारनपुर समेत कई जिलों में यह अभियान लगातार चल रहा है। आने वाले दिनों में और जिलों से भी हस्ताक्षर अभियान चलाकर केंद्र सरकार तक मांग पहुंचाई जाएगी।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854