(विनय प्रकाश सिंह)
लखनऊ,30मई(चौथा प्रहरी)। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग में शनिवार को महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया गया। उप परिवहन आयुक्त (यात्री कर) मुख्यालय एवं अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे संजय सिंह का तबादला उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र झांसी के पद पर कर दिया गया है। उनकी जगह केडी सिंह गौर को मुख्यालय में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी आदेश के अनुसार, झांसी परिक्षेत्र में उप परिवहन आयुक्त के पद पर कार्यरत केडी सिंह गौर अब उप परिवहन आयुक्त (यात्री कर) मुख्यालय का कार्यभार संभालेंगे। इसके साथ ही उन्हें प्रवर्तन से जुड़े सभी कार्यों की जिम्मेदारी भी दी गई है।
विशेष बात यह है कि प्रवर्तन संबंधी कार्यों के संचालन में केडी सिंह गौर परिवहन आयुक्त के बाद विभाग के सबसे वरिष्ठ अधिकारी के रूप में काम करेंगे। उन्हें सीधे परिवहन आयुक्त को रिपोर्ट करनी होगी। इससे विभाग के प्रवर्तन और प्रशासनिक कामकाज में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
संजय सिंह इससे पहले झांसी संभाग में संभागीय परिवहन अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। ऐसे में झांसी परिक्षेत्र में उनकी तैनाती को अनुभव आधारित प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है।
यह कार्यालय आदेश शनिवार को विशेष सचिव परिवहन केपी सिंह की ओर से जारी किया गया। आदेश जारी होने के बाद परिवहन विभाग में नई जिम्मेदारियों के अनुसार कार्यभार संभालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
विभागीय जानकारों का मानना है कि मुख्यालय स्तर पर केडी सिंह गौर को मिली नई जिम्मेदारी से प्रवर्तन और यात्री कर से जुड़े मामलों की निगरानी और समन्वय को मजबूती मिलेगी। वहीं झांसी परिक्षेत्र में संजय सिंह के अनुभव का लाभ क्षेत्रीय स्तर पर विभागीय कार्यों को मिलने की उम्मीद है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






