लखनऊ, 8 जून,07जून(चौथा प्रहरी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एक आर्थिक रूप से कमजोर छात्रा की उच्च शिक्षा से जुड़ी समस्या सामने आई, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही अवैध कब्जे और पुलिस की अनदेखी से जुड़ी शिकायतों पर भी सख्त रुख दिखाया।

जनता दर्शन में लखनऊ की एक छात्रा अपनी बुजुर्ग मां के साथ पहुंची। छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसने इंटरमीडिएट अच्छे अंकों से पास किया है और वह बीटेक की पढ़ाई करना चाहती है। हालांकि आर्थिक तंगी के कारण आगे की पढ़ाई में परेशानी आ रही है।
मुख्यमंत्री ने छात्रा की मार्कशीट देखी और उसे पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रा का प्रवेश लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसी भी निर्धन या जरूरतमंद छात्र की शिक्षा में आर्थिक बाधा नहीं आने देगी। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद छात्रा और उसकी मां ने राहत महसूस की और आभार जताया।
जनता दर्शन में कई लोगों ने पुलिस की ओर से समय पर कार्रवाई न करने और अवैध कब्जों से जुड़ी शिकायतें भी रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का जल्द समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान कुछ लोग ऐसे भी मिले जो अपनी शिकायत लेकर सीधे जनता दर्शन में पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने पहले अपने जिले या मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क किया था। इस पर कुछ लोगों ने बताया कि वे सीधे मुख्यमंत्री से मिलने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों को सलाह दी कि वे पहले जनपद और मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लोगों को अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना चाहिए। कई समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सकता है, जिससे लोगों का समय और परेशानी दोनों कम होंगे।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का जोर दो प्रमुख बातों पर रहा। पहली, कोई भी योग्य और जरूरतमंद छात्र आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे। दूसरी, आम लोगों की शिकायतों पर प्रशासन तेजी से कार्रवाई करे और उन्हें समय पर न्याय मिले। इससे प्रदेश में जनसुनवाई व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






