अयोध्या,07जून(चौथा प्रहरी)। रामनगरी अयोध्या के
संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में सोमवार को परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, लंबित आवेदनों और नागरिक सेवाओं की समीक्षा की। कई बिंदुओं पर कमियां मिलने पर अधिकारियों को तीन दिन के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यालय को विस्तृत रिपोर्ट भेजने को भी कहा गया।

निरीक्षण के दौरान परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन सभी काउंटरों और विभिन्न शाखाओं में पहुंचे। उन्होंने आम लोगों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति जानी और कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी ली। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. आरपी सिंह ने उन्हें विभिन्न पटल और शाखाओं का निरीक्षण कराया।
परिवहन आयुक्त ने सारथी और वाहन पोर्टल पर लंबित आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उनका कहना था कि लोगों के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रूम का भी जायजा लिया गया। दस्तावेजों के रखरखाव और अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण को लेकर उन्होंने सुधार के निर्देश दिए। परमिट और प्रवर्तन से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी आवश्यक सुधार करने के लिए तीन दिन की समय सीमा तय की गई।

परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने कार्यालय में कार्यरत पटल सहायकों से बातचीत कर विभागीय कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाने के लिए लगातार सुधार जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान ड्राइविंग टेस्टिंग व्यवस्था और आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग टेस्टिंग के लिए आवश्यक मशीनें मारुति द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि इनके संचालन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विभाग के पास है।
उन्होंने आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्रों के कम उपयोग पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केवल एक हजार रुपये शुल्क वाली इस सुविधा का लाभ अपेक्षा के अनुरूप लोग नहीं उठा रहे हैं। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है ताकि अधिक से अधिक लोग प्रशिक्षण प्राप्त कर सुरक्षित और जिम्मेदार चालक बन सकें।
परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने कहा कि किसी भी व्यवस्था में सुधार की संभावना हमेशा बनी रहती है। विभाग अपनी जिम्मेदारियों को लेकर पूरी तरह सजग है और निर्धारित समय सीमा में सभी कमियों को दूर कर नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
निरीक्षण के दौरान उप परिवहन आयुक्त अयोध्या परिक्षेत्र राजकुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) विश्वजीत प्रताप सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन संजय झा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन गुलाबचंद व मोटर यान निरीक्षक राजीव कुमार, शिवकुमारी, सरवर जावेद, अतुल मौर्य, अनुराग सोनकर, निखिल वर्मा, लवकुश सिंह, पूजा सिंह आदि समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





