15 Best News Portal Development Company In India

UP news: 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को मिला नियुक्ति पत्र, चयनित युवाओं ने कहा- सिर्फ 400 रुपये में पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया

SHARE:

लखनऊ, 17 जून( चौथा प्रहरी)। उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों की पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर बड़ा संदेश देखने को मिला। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने बुधवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त बताया। कई युवाओं ने कहा कि उन्हें नौकरी पाने के लिए न किसी सिफारिश की जरूरत पड़ी और न ही किसी प्रकार का अतिरिक्त खर्च करना पड़ा।

मुख्यमंत्री द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए
मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। युवाओं ने इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण और यादगार क्षण बताया। उन्होंने कहा कि मेहनत और योग्यता के आधार पर मिला यह अवसर उनके लिए गर्व की बात है।
लखनऊ के चयनित अभ्यर्थी नीरज पाल ने बताया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया में उनका केवल 400 रुपये का आवेदन शुल्क खर्च हुआ। इसके अलावा किसी प्रकार की पैरवी, सिफारिश या घूस देने की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के कारण उन्हें अपने सपनों की नौकरी हासिल हुई है।
जौनपुर के अरविंद कुमार ने भी भर्ती प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने कहा कि परिणाम पूरी पारदर्शिता के साथ घोषित किए गए और चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं दिखी। मुख्यमंत्री से नियुक्ति पत्र प्राप्त करना उनके लिए गर्व का विषय है।
हरदोई की अनामिका राजवंशी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया बिना किसी पक्षपात के पूरी की गई। मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिला है। इससे युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निष्पक्ष चयन से हजारों युवाओं को सकारात्मक संदेश मिला है।
बिजनौर के पर्व कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करना किसी भी अभ्यर्थी के लिए विशेष उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि आवेदन शुल्क के अलावा उन्हें कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ा। भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं हुआ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।
चयनित अभ्यर्थी अंशिका मिश्रा ने कहा कि यह नियुक्ति उनके पूरे परिवार के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगी। वहीं कार्तिक सैनी ने इस दिन को अपने जीवन का सबसे यादगार दिन बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए वह पुलिस विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में योगदान देंगे।
इस भर्ती प्रक्रिया से प्रदेश के युवाओं में यह संदेश गया है कि सरकारी नौकरियों में योग्यता और मेहनत के आधार पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। चयनित अभ्यर्थियों की प्रतिक्रियाएं यह भी दर्शाती हैं कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से युवाओं का विश्वास मजबूत हो रहा है। आने वाले समय में ऐसी प्रक्रियाएं सरकारी नौकरियों के प्रति भरोसा बढ़ाने और योग्य युवाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई