लखनऊ,17 जून(चौथा प्रहरी)। नीट यूजी 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। योगी सरकार के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट देने की व्यवस्था लागू कर दी है। यह सुविधा 20 और 21 जून 2026 को उपलब्ध रहेगी, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को आर्थिक राहत मिल सके।

यूपीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने बताया कि इस संबंध में सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि छूट का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को अपना नीट यूजी 2026 प्रवेश पत्र दिखाना होगा। बस परिचालक प्रवेश पत्र की एक प्रति लेकर उसी के आधार पर रियायती टिकट जारी करेंगे।
निगम के निर्देशों के अनुसार, परिचालक प्रवेश पत्र का सत्यापन करने के बाद इलेक्ट्रॉनिक टिकट इश्यूइंग मशीन (ईटीआईएम) के माध्यम से अभ्यर्थियों को चाइल्ड टिकट जारी करेंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रवेश पत्र पर लगी फोटो और परीक्षा की तिथि सही हो तथा अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के भीतर ही यात्रा कर रहा हो।
यूपीएसआरटीसी ने रिकॉर्ड रखने की भी व्यवस्था की है। इसके तहत बस परिचालक वेबिल के पिछले हिस्से में अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर, यात्रा मार्ग और टिकट की राशि सहित आवश्यक विवरण दर्ज करेंगे। प्रवेश पत्र की एक प्रति भी सुरक्षित रखी जाएगी, ताकि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।
निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी कारणवश ईटीआईएम मशीन से रियायती टिकट जारी नहीं हो पाता है, तो डिपो प्रभारी या केंद्र प्रभारी की अनुमति लेकर मैनुअल टिकट जारी किया जा सकेगा। ऐसी स्थिति में ब्लैंक टिकट बुक का उपयोग किया जाएगा और यात्रा से जुड़े सभी विवरण मार्ग पत्र पर दर्ज किए जाएंगे।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि नीट यूजी-2026 परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 20 जून और 21 जून को परिवहन निगम की बसों में आधे किराए पर यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए निगम को पहले ही आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सरकार और परिवहन निगम की यह पहल उन छात्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी जो ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। इससे छात्रों और उनके परिवारों पर यात्रा खर्च का बोझ कम होगा और वे परीक्षा में शामिल होने के लिए अधिक सुविधाजनक तरीके से सफर कर सकेंगे।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





