अयोध्या,22जून(चौथा प्रहरी)। जनपद में संचालित अवैध और अनधिकृत बस स्टैंडों के विरुद्ध परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने विशेष अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन और संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) संजय झा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना और लोगों को होने वाली परेशानी को कम करना था।

अभियान के दौरान नाका बाईपास, रायबरेली बाईपास और अग्रसेन चौराहा क्षेत्र में चल रहे अवैध बस स्टैंडों को हटवाया गया। साथ ही ऐसे वाहनों पर भी कार्रवाई की गई जो अनधिकृत रूप से सवारियां भर रहे थे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर इन गतिविधियों को तत्काल बंद कराया।
विशेष चेकिंग अभियान में बड़ी संख्या में वाहन जांचे गए। जांच के दौरान 29 वाहन बिना नंबर प्लेट के चलते मिले। इन सभी वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। विभाग ने वाहन स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों पर नियमानुसार पंजीकरण संख्या अंकित कराएं और नियमों के अनुसार ही संचालन करें।
परिवहन विभाग का कहना है कि बिना नंबर प्लेट के वाहन सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं। ऐसे वाहनों की पहचान करना मुश्किल होता है और दुर्घटना या नियम उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई प्रभावित होती है। इसी वजह से विभाग ने इस तरह के वाहनों के खिलाफ सख्ती दिखाई है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गुलाब चन्द्र ने बताया कि अवैध बस स्टैंडों, अनधिकृत यात्री वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन न करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। साथ ही सड़क पर चलने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी। परिवहन विभाग की ओर से नियमित जांच और प्रवर्तन अभियान जारी रहने से अवैध संचालन पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





