Breaking News
बेंगलुरु में सीएम योगी का निवेशकों को न्योता, बोले- सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड का मॉडल बना उत्तर प्रदेश बेंगलुरु में यूपी मॉडल की चर्चा, निवेशकों ने कहा- उत्तर प्रदेश बन रहा निवेश और रोजगार का नया केंद्र Lucknow News: लखनऊ मेट्रो विस्तार को मिली रफ्तार, ₹384 करोड़ में बनेंगे 5 नए स्टेशन और 4.6 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर Lucknow News: अलीगंज अग्निकांड: घटनास्थल पहुंची एसआईटी, घायलों से भी की पूछताछ,7 दिन में आएगी रिपोर्ट Lucknow News: लखनऊ में अंतिम बड़े मंगल पर उमड़ी आस्था, इंदिरा नगर के भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद यूपी न्यूज: अलीगंज अग्निकांड के बाद पुराने रिकॉर्ड पर सवाल, 2016 में जारी ध्वस्तीकरण आदेश दो माह में ही हुआ था निरस्त
15 Best News Portal Development Company In India

बेंगलुरु में यूपी मॉडल की चर्चा, निवेशकों ने कहा- उत्तर प्रदेश बन रहा निवेश और रोजगार का नया केंद्र

SHARE:

बेंगलुरु में आयोजित निवेशक संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करते उद्योग जगत के प्रतिनिधि

बेंगलुरु/लखनऊ,24 जून (चौथा प्रहरी)।बेंगलुरु में बुधवार को आयोजित निवेशक संवाद कार्यक्रम में उद्योग जगत के कई बड़े प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश को निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन का तेजी से उभरता केंद्र बताया। कार्यक्रम में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), टेक्नोलॉजी, इंश्योरेंस, रियल एस्टेट, स्टार्टअप और मानव संसाधन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। निवेशकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेहतर बुनियादी ढांचे, मजबूत कानून-व्यवस्था और निवेशक-अनुकूल नीतियों की सराहना की।

बेंगलुरु में आयोजित निवेशक संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करते उद्योग जगत के प्रतिनिधि
कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल आबादी के लिहाज से बड़ा राज्य नहीं है, बल्कि नई अर्थव्यवस्था का एक मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है। उनका मानना है कि राज्य में विकसित हो रही कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, हवाई अड्डे और औद्योगिक ढांचे ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।
जीसीसी उद्योग विशेषज्ञ और एआई रणनीतिकार अनिल पद्मनाभन ने कहा कि उत्तर प्रदेश ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि राज्य की शासन व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योगों के साथ सरकार का संवाद इसे अन्य राज्यों से अलग पहचान देता है। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक कंपनियों को भारत में निवेश की योजना बनाते समय उत्तर प्रदेश का गंभीरता से मूल्यांकन करना चाहिए।
रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े सत्त्व ग्रुप के डायरेक्टर कॉरपोरेट अफेयर्स पी.के. मिश्रा ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, लखनऊ और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास विकसित हो रहे क्षेत्र को भविष्य का प्रमुख आर्थिक कॉरिडोर बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता और बेहतर कार्यसंस्कृति के कारण निवेशकों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
रोजगार के मोर्चे पर भी उत्तर प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत मिले हैं। वैश्विक इंश्योरेंस ब्रोकिंग कंपनी एऑन की निदेशक शेरिन जॉन ने बताया कि कंपनी नोएडा स्थित अपने कार्यालय का विस्तार कर रही है। इसके तहत 600 से 1000 अतिरिक्त कर्मचारियों को जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगों और बाजारों तक आसान पहुंच के कारण उत्तर प्रदेश कॉरपोरेट विस्तार के लिए उपयुक्त स्थान बन गया है।
मानव संसाधन क्षेत्र की कंपनी टीमलीज सर्विसेज लिमिटेड की प्रबंध निदेशक अपर्णा मित्रा ने कहा कि राज्य में उपलब्ध बड़ी प्रतिभा, तेजी से बढ़ता इंफ्रास्ट्रक्चर और बढ़ते निवेश अवसर इसे नई अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बना रहे हैं। उनके अनुसार वर्तमान समय निवेश के लिए अनुकूल है और आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश को लेकर उत्साह दिखाई दिया। आविष्कार समूह और इंटेलीकैप की प्रतिनिधि सायना देनुगरा ने कहा कि राज्य ने उद्यमियों और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है। उन्होंने बताया कि उनकी संस्थाएं कृषि, खाद्य प्रणाली और ऊर्जा परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश में काम कर रही हैं। उनका मानना है कि लखनऊ सहित राज्य के कई शहर भविष्य में स्टार्टअप और नवाचार के बड़े केंद्र बन सकते हैं।
टीई कनेक्टिविटी की प्रतिनिधि सुनीता ने भी उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि राज्य तेजी से बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रहा है और भविष्य के निवेश के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहा है। कंपनी अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटरों के विस्तार की संभावनाओं का अध्ययन कर रही है।
विशेषज्ञों की राय से यह संकेत मिलता है कि उत्तर प्रदेश आने वाले वर्षों में टेक्नोलॉजी, सेवा क्षेत्र, विनिर्माण और स्टार्टअप निवेश का बड़ा केंद्र बन सकता है। यदि वर्तमान विकास की गति बनी रहती है, तो राज्य में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और देश की अर्थव्यवस्था में उसकी भूमिका और मजबूत होगी।

 

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई