15 Best News Portal Development Company In India

लखनऊ में ‘मां वंदन समारोह’ का आयोजन, मातृशक्ति के सम्मान में जुटीं समाजसेवा से जुड़ी महिलाएं

SHARE:

लखनऊ,11मई(चौथा प्रहरी) राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित वॉलीबॉल एकेडमी में सोमवार को मदर्स डे के मौके पर ‘मां वंदन समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी माताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य मातृशक्ति के योगदान को सामने लाना और महिलाओं को सामाजिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का आयोजन ‘हर उम्मीद’ संस्था की ओर से किया गया।

लखनऊ में आयोजित मां वंदन समारोह में महिलाओं को सम्मानित करते अतिथि
समारोह में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वहीं कार्यक्रम के संयोजन की जिम्मेदारी राज्य महिला आयोग की सदस्य रितू शाही ने निभाई। कार्यक्रम की थीम ‘नन्हे हाथों से मां का सम्मान’ रखी गई थी, जिसमें बच्चों और कलाकारों ने मातृशक्ति को समर्पित प्रस्तुतियां दीं।
अपने संबोधन में चारू चौधरी ने कहा कि मां केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं संभालती, बल्कि समाज को दिशा देने का काम भी करती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को मिलने वाले संस्कार ही मजबूत समाज और देश की नींव बनते हैं। उन्होंने महिलाओं की भूमिका को हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम संयोजक रितू शाही ने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को सम्मान और नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक भागीदारी लगातार बढ़ रही है और समाज में उनकी भूमिका पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक कार्यों में आगे आने की अपील भी की।
समारोह में समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़ी कई महिलाओं ने हिस्सा लिया। इसमें शालिनी श्रीवास्तव, गरिमा सिंह, नीलम मिश्रा, मान्या सिंह राजपूत, स्वाति पांडेय, निधि सिंह, नंदिता मिश्रा और पूजा दुबे समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं। भाजपा महिला मोर्चा और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन रितू शाही और जिया मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान खींचा। कई प्रस्तुतियां मां के त्याग, प्रेम और संघर्ष पर आधारित रहीं, जिन्हें देखकर मौजूद महिलाएं भावुक भी नजर आईं।
आयोजकों ने कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ मदर्स डे का उत्सव नहीं था, बल्कि महिलाओं के सम्मान और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का प्रयास भी था। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे को सहयोग देने और समाज में अपनी भूमिका को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854