लखनऊ, 18मई(चौथा प्रहरी)। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव ईवीएम से कराने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। आयोग की ओर से 14 मई 2026 को उप निदेशक निर्वाचन द्वारा ई-निविदा जारी की गई है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले पंचायत चुनाव में बैलेट पेपर की जगह ईवीएम का इस्तेमाल किया जा सकता है।

यह मामला इसलिए भी अहम हो गया है क्योंकि प्रदेश की ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को पूरा हो रहा है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पंचायत चुनाव कब कराए जाएंगे।
प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। अब ई-टेंडर जारी होने के बाद चुनावी प्रक्रिया को लेकर हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग तकनीकी व्यवस्था को मजबूत करने में जुटा है ताकि चुनाव प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाया जा सके।
अगर पंचायत चुनाव ईवीएम से होते हैं तो यह प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में बड़ा बदलाव माना जाएगा। अब तक पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाते रहे हैं। ईवीएम के इस्तेमाल से मतगणना में समय कम लग सकता है और विवाद भी घट सकते हैं। हालांकि विपक्षी दल और कुछ सामाजिक संगठन इस मुद्दे पर सवाल भी उठा सकते हैं।
ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के लाखों जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। ऐसे में गांवों में चुनावी माहौल बनने लगा है। संभावित उम्मीदवार भी अपनी तैयारी में जुट गए हैं। हालांकि आयोग की ओर से अभी चुनाव तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
आने वाले दिनों में राज्य निर्वाचन आयोग की बैठकों और सरकार के फैसलों पर सबकी नजर रहेगी। अगर ईवीएम से पंचायत चुनाव होते हैं तो यह यूपी की पंचायत व्यवस्था में एक नई शुरुआत साबित हो सकती है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





