15 Best News Portal Development Company In India

गरीब बालिकाओं को एमजीएस इंटर कॉलेज में मिलेगा निशुल्क प्रवेश, मुफ्त गणवेश भी देगा विद्यालय

SHARE:

सुल्तानपुर,18मई(चौथा प्रहरी)। जनपद के एमजीएस इंटर कॉलेज में सोमवार को शैक्षिक उन्नयन को लेकर एक संगोष्ठी आयोजित की गई। विद्यालय के मालवीय हॉल में हुई इस बैठक में शिक्षकों और प्रबंधन ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और गरीब बालिकाओं की पढ़ाई जारी रखने पर जोर दिया। कॉलेज प्रबंधक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने घोषणा की कि जिले की किसी भी बालिका की पढ़ाई धन की कमी के कारण नहीं रुकने दी जाएगी। निर्धन छात्राओं को इस सत्र में भी निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा और नई छात्राओं को मुफ्त गणवेश भी उपलब्ध कराया जाएगा।

एमजीएस इंटर कॉलेज सुल्तानपुर में आयोजित शैक्षिक संगोष्ठी में मौजूद शिक्षक और प्रबंधन
संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे डॉ. विनोद कुमार सिंह ने शिक्षकों से विद्यालय के शैक्षिक विकास को लेकर सुझाव मांगे। इस दौरान शिक्षकों ने प्रस्ताव रखा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी छात्रों के लिए प्रातःकालीन कक्षाएं चलाई जाएं। इन कक्षाओं में खेल आधारित शिक्षा पर जोर दिया जाए, ताकि बच्चों का कौशल विकास बेहतर तरीके से हो सके। प्रबंधक ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
बैठक में यह भी बताया गया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में विद्यालय की बालिकाओं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। इसे विद्यालय की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। प्रबंधक ने कहा कि आधी आबादी को शिक्षित किए बिना समाज का विकास संभव नहीं है। इसी सोच के साथ विद्यालय प्रबंधन लगातार बालिका शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश कुमार सिंह ने शिक्षकों से पूरे समर्पण और ऊर्जा के साथ अध्यापन कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने में शिक्षकों की सबसे बड़ी भूमिका होती है।
संगोष्ठी में उप प्रधानाचार्य विचित्र वीर सिंह समेत विद्यालय के कई शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में दीपक सिंह, राकेश कुमार सिंह, वैभव रघुवंशी, मधुलिका सिंह, किरन वर्मा, अंजली, प्रज्ञा, डॉ. अम्बरीष, सुमित श्रीवास्तव, पवन कुमार, सुनील कुमार सिंह और अन्य शिक्षक शामिल हुए।
विद्यालय प्रबंधन के इस फैसले से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे जिले में बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और ज्यादा छात्राएं स्कूल से जुड़ सकेंगी।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854