15 Best News Portal Development Company In India

31 मई को रिटायर होंगे तीन वरिष्ठ IPS अधिकारी,पुलिस मुख्यालय में हुआ विदाई समारोह

SHARE:

लखनऊ,29 मई (चौथा प्रहरी)। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस महानिदेशक नियम एवं ग्रंथ एल.वी. एंटनी देव कुमार, पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर राकेश प्रकाश सिंह और पुलिस उप महानिरीक्षक मानवाधिकार मनी राम सिंह को इस मौके पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने तीनों अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए और उनके लंबे सेवाकाल की सराहना की।

लखनऊ पुलिस मुख्यालय में सेवानिवृत्त हो रहे तीन वरिष्ठ IPS अधिकारियों का विदाई समारोह
समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारियों ने तीनों अधिकारियों के साथ बिताए गए अनुभव साझा किए। पुलिस महानिदेशक सीआईडी एवं साइबर क्राइम बी.के. सिंह, फायर सर्विसेज के पुलिस महानिदेशक सुजीत पाण्डेय और पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी अखिलेश निगम ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दिया। अधिकारियों ने उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना भी की।
अपने संबोधन में एल.वी. एंटनी देव कुमार ने पुलिस सेवा के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन, सहयोगियों के समर्थन और अधीनस्थ कर्मचारियों की मेहनत ने उनके कार्यकाल को सफल बनाया। उन्होंने पुलिस सेवा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
राकेश प्रकाश सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा के दौरान कई कठिन हालात आए, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग और मार्गदर्शन से हर चुनौती का सामना किया गया। उन्होंने डीजीपी राजीव कृष्ण के नेतृत्व और विश्वास के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग हमेशा ऊर्जा देता रहा।
मनी राम सिंह ने भी अपने संबोधन में पुलिस सेवा के दौरान मिले अनुशासन, समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा के अनुभवों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय में काम करते हुए लगातार सीखने और बेहतर काम करने का अवसर मिला।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि सेवानिवृत्ति सिर्फ नौकरी का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा के दौरान अधिकारी समाज और व्यवस्था के लिए लगातार काम करते हैं। अब उनके पास अपने अनुभव और क्षमताओं को नई दिशा देने का अवसर रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा होना गर्व और जिम्मेदारी दोनों है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले तीन दशकों में पुलिसिंग के तरीके, चुनौतियां और तकनीक में बड़े बदलाव आए हैं। इसमें सभी अधिकारियों की भूमिका रही है। पुलिस विभाग में सीखने और सुधार की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
एल.वी. एंटनी देव कुमार का जन्म तमिलनाडु के तिरूनेलवेली में हुआ था। वह 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे। उन्होंने कार्मिक, सीबीसीआईडी, विशेष सुरक्षा बल और नियम एवं ग्रंथ जैसे महत्वपूर्ण विभागों में काम किया। उन्हें संयुक्त राष्ट्र पदक और पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
राकेश प्रकाश सिंह आजमगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने 1991 में प्रांतीय पुलिस सेवा से अपने करियर की शुरुआत की थी। बाद में आईपीएस में प्रोन्नत हुए। उन्हें लंबे और सराहनीय सेवाकाल के लिए कई सम्मान मिले।
मनी राम सिंह फैजाबाद के रहने वाले हैं। उन्होंने 1994 में प्रांतीय पुलिस सेवा जॉइन की थी और बाद में आईपीएस में प्रोन्नत हुए। मानवाधिकार शाखा समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हुए उन्होंने 32 साल से ज्यादा का सेवाकाल पूरा किया।
तीनों अधिकारियों की विदाई के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के एक लंबे प्रशासनिक अनुभव का अध्याय पूरा हो रहा है। पुलिस विभाग को उम्मीद है कि आने वाले समय में उनके अनुभव और कार्यशैली नई पीढ़ी के अधिकारियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854