15 Best News Portal Development Company In India

अयोध्या में स्वच्छता के लिए निकली जागरूकता रैली, 31 मई अभियान में शामिल होने की अपील

SHARE:

अयोध्या, 29मई(चौथा प्रहरी)। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने शुक्रवार को जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। यह रैली आगामी 31 मई को होने वाले “एक रविवार, हर परिवार करे गंदगी पर वार” अभियान के तहत आयोजित की गई। रैली का नेतृत्व महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने किया। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी इसमें मौजूद रहे।

अयोध्या में नगर निगम द्वारा निकाली गई स्वच्छता जागरूकता रैली
रैली नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित दीनदयाल पार्क से शुरू हुई। यह रिकाबगंज चौराहा और चौक होते हुए लगभग एक घंटे बाद रीडगंज चौराहे पर पहुंची। रास्ते भर स्वच्छता के नारे गूंजते रहे। बड़ी संख्या में नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।
ब्रह्माकुमारी संस्था से जुड़ी महिलाओं और युवाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान राहगीरों और दुकानदारों से अपील की गई कि वे कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और डस्टबिन का उपयोग करें। लोगों से अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की भी अपील की गई।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि हर परिवार सप्ताह में एक दिन सफाई के लिए निकाले तो शहर को साफ और बेहतर बनाया जा सकता है।
रैली के समापन पर लोगों को 31 मई को आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया गया। नगर निगम का कहना है कि इस अभियान के जरिए लोगों में स्वच्छता को लेकर स्थायी जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
रैली में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, कमलाशंकर पांडेय, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडे खुन्नू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गिरीश पांडे डिप्पुल, पार्षद धर्मेंद्र मिश्र समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नगर निगम अधिकारी मौजूद रहे।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854