बाराबंकी,04 जून(चौथा प्रहरी)। जनपद में सिविल डिफेंस संगठन को नया नेतृत्व मिल गया है। नवीन सेठ को नवसृजित सिविल डिफेंस बाराबंकी का चीफ वार्डन नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी एवं सिविल डिफेंस नियंत्रक ईशान प्रताप सिंह ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही जिले में 135 नए वार्डनों ने भी शपथ लेकर अपनी जिम्मेदारियां संभालीं।

उत्तर प्रदेश सरकार ने सिविल डिफेंस सेवाओं का विस्तार प्रदेश के सभी 75 जिलों तक किया है। इसी क्रम में बाराबंकी में भी सिविल डिफेंस इकाई का गठन किया गया। गृह मंत्रालय और सिविल डिफेंस एक्ट 1968 के तहत आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और उप नियंत्रक अनीता प्रताप की मौजूदगी में नवीन सेठ को चीफ वार्डन का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम में जतिन गुप्ता को डिप्टी चीफ वार्डन और सरदार भूपिंदर पाल सिंह को शहर का डिवीजनल वार्डन नियुक्त किया गया। वहीं अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने 135 नव नियुक्त वार्डनों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की भूमिका आपदा प्रबंधन और आपात स्थितियों में बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी वार्डनों से जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
नवनियुक्त चीफ वार्डन नवीन सेठ ने संगठन की ओर से हर परिस्थिति में प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने सिविल डिफेंस के स्थायी कार्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की भी मांग रखी।
कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें रूप कुमार शर्मा, संदीप टंडन, रणधीर सिंह सुमन, रमेश पोद्दार और प्रदीप जैन शामिल रहे। इन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में स्मिता सेठ, रवीनन खजांची, राम बिहारी सेठ, अवधेश टंडन, शेखर जैन, अभिषेक श्रीवास्तव, सुनील सैनी, मोहम्मद अयूब, शुभम अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष पाठक ने किया।
सिविल डिफेंस के जिले में विस्तार से आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। नए वार्डनों की नियुक्ति से आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा। इससे राहत एवं बचाव कार्यों को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





