15 Best News Portal Development Company In India

अवध विश्वविद्यालय ने रचा नया इतिहास, ऑल इंडिया पावर लिफ्टिंग में बना उपविजेता

SHARE:

ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में उपविजेता बनी अवध विश्वविद्यालय की टीम।

अयोध्या,10जून(चौथा प्रहरी)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पावर लिफ्टिंग पुरुष प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है। चेन्नई स्थित हिंदुस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर उपविजेता बनी। वहीं उत्तर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में अवध विश्वविद्यालय की टीम पहले स्थान पर रही।

ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में उपविजेता बनी अवध विश्वविद्यालय की टीम।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन विश्वविद्यालय के खिलाड़ी गगनदीप ने 120 प्लस भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। इससे पहले धर्मेन्द्र शर्मा ने 105 किलोग्राम भार वर्ग में पहला स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
अन्य खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। अभिषेक सांखला ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में चौथा स्थान हासिल किया। हिमांशु 84 किलोग्राम वर्ग में छठे स्थान पर रहे, जबकि मयंक ने 93 किलोग्राम भार वर्ग में नौवां स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को उनकी रैंकिंग के आधार पर अंक दिए गए। अवध विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके दम पर टीम ऑल इंडिया स्तर पर उपविजेता बनने में सफल रही। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के खेल इतिहास की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
टीम के साथ टीम मैनेजर डॉ. मनीष सिंह और कोच बबलू मौजूद रहे। उनकी देखरेख में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया प्रतियोगिता में उपविजेता बनना विश्वविद्यालय के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. हिमांशु शेखर सिंह और क्रीड़ा सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। प्रो. आशीष प्रताप सिंह ने कहा कि कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। टीम खेलों के साथ-साथ व्यक्तिगत खेलों में भी विश्वविद्यालय नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
इस सफलता से विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और आने वाले राष्ट्रीय मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद मजबूत होगी। साथ ही यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का काम करेगी।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854