अयोध्या, 11जून( चौथा प्रहरी)। शहर में नाला सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने गुरुवार सुबह नगर निगम के अधिकारियों के साथ विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रीडगंज चौराहे पर नाले में पानी का बहाव बंद और नाला क्षतिग्रस्त मिलने पर महापौर ने वहां सफाई के लिए विशेष चैंबर बनाने, नाले की मरम्मत कराने और सफाई कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि काम में किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

सुबह करीब सवा सात बजे चौक लाइट गेट से निरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई। विकास प्राधिकरण के पुराने कार्यालय के सामने नाले की सफाई संतोषजनक नहीं मिली। इस दौरान पूर्व उपसभापति राजेश गौड़ ने मंगल पांडे वार्ड के नाले को सफाई अभियान में शामिल न किए जाने पर आपत्ति भी जताई।
रीडगंज चौराहे पर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को नाले की खराब स्थिति दिखाई दी। महापौर ने तुरंत मरम्मत कार्य कराने, नाले पर पत्थर रखने और नियमित सफाई के लिए चैंबर बनाने के निर्देश दिए। वहीं स्थानीय लोगों ने अशोक वृक्ष के पास चबूतरा बनाने की मांग रखी, जिस पर महापौर ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने भी कई स्थानों पर व्यवस्थाओं की जांच की। रामपथ पर लगाए गए वाटर कियॉस्क सही स्थिति में मिले, जिस पर उन्होंने संतोष जताया। राठहवेली क्षेत्र में लोगों की मांग पर नीम के पेड़ की छंटाई कराने का निर्देश दिया गया।
वीर अब्दुल हमीद वार्ड में नाले के ऊपर कई जगह अतिक्रमण मिला। नगर आयुक्त ने मलबा हटाने, टूटी पटिया बदलने और नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को नोटिस जारी कर जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। एक गली में निर्माण कार्य अतिक्रमण के कारण रुका मिला। इस पर संबंधित भवन स्वामी को बुलाकर एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई।
इमामबाड़ा गेट के पास निरीक्षण के दौरान दुर्गा मंदिर से नदीम रजा के घर तक बनी नाली का निर्माण कार्य खराब पाया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसी क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें सामने आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि नियमित कूड़ा न उठने से दुर्गंध फैल रही है और आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है।
पार्षद सलमान हैदर ने ठेका होने के बावजूद नाला निर्माण शुरू न होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर नगर आयुक्त ने जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई और एक सप्ताह के भीतर काम शुरू कराने के निर्देश दिए।
मोहल्ला अलीगढ़ में नाले पर पटिया नहीं मिलने पर महापौर ने तत्काल पटिया लगाने को कहा। परिक्रमा मार्ग पर एक मंदिर के पास सोलर लाइट का पोल क्षतिग्रस्त मिला, जिसे बदलने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नेहरू पार्क की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठा। पार्षद प्रतिनिधि धर्मेंद्र मिश्र ने पार्क में फैली गंदगी की ओर ध्यान दिलाया। इसके बाद महापौर ने अधिकारियों को विशेष सफाई अभियान चलाकर पार्क को साफ-सुथरा बनाने का निर्देश दिया।
राठहवेली क्षेत्र में भाजपा नेत्री ज्योति कालरा ने गरीब महिलाओं के लिए आवास उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर महापौर ने अपर नगर आयुक्त को डूडा के माध्यम से पात्र महिलाओं को आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण अभियान के बाद नगर निगम की कार्यशैली पर भी नजर रहेगी। यदि तय समय में सफाई, मरम्मत और अतिक्रमण हटाने का काम पूरा होता है तो शहर की जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सकेगी।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





