15 Best News Portal Development Company In India

मोदी सरकार के 12 साल पर लखनऊ में सम्मेलन, पीयूष गोयल बोले- यह सेवा, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय

SHARE:

लखनऊ, 11जून( चौथा प्रहरी)। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को भाजपा द्वारा आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने को देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया। हजरतगंज स्थित सहकारिता भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने सुशासन, जनकल्याण, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

लखनऊ में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा लखनऊ महानगर की ओर से “12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत किया गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी  मंत्री नितिन अग्रवाल , भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
पीयूष गोयल ने कहा कि लखनऊ पहुंचने पर उन्होंने राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल जाकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी दीनदयाल उपाध्याय  और अटल बिहारी वाजपेई को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन तीनों नेताओं के विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 4,400 दिनों से अधिक का लगातार कार्यकाल लोकतांत्रिक इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में मोदी ने करीब 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित किया है। बिना अवकाश लिए लगातार काम करना उनकी कार्यशैली की पहचान है।
उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की सोच आज देश के विकास का आधार बन चुकी है। विकसित भारत-2047 का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का साझा संकल्प है।
पीयूष गोयल ने कहा कि कोरोना महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया के संघर्षों जैसी वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि आज दुनिया भारत को आशा और स्थिरता के प्रतीक के रूप में देख रही है।
केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा कोविड टीकाकरण अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
उन्होंने सहकारिता क्षेत्र के लिए अलग मंत्रालय बनाए जाने का भी जिक्र किया और कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में इस क्षेत्र को नई दिशा मिली है। साथ ही उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और देश तेजी से नक्सलवाद मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा है।
अपने संबोधन में पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी के “पंच प्रण” का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण, विरासत पर गर्व, एकता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता जैसे संकल्प देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
भविष्य का प्रभाव
भाजपा का यह अभियान आगामी समय में केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। पार्टी संगठन इसके जरिए विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर जनसंपर्क और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रहा है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854