लखनऊ,चौथा प्रहरी 6 दिसंबर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि समानता और न्याय पर आधारित समाज बनाना ही हमारी सरकार का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बाबा साहेब के विचार भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और आज भी हर कमजोर वर्ग को प्रेरणा देते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज में असमानता और भेदभाव के खिलाफ बाबा साहेब का संघर्ष सभी के लिए मार्गदर्शक है।
मुख्यमंत्री ने डॉ भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर सभा को संबोधित करते हुए उन सियासी दलों की आलोचना भी की, जो तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। सीएम योगी ने कहा कि ऐसी नीतियां देश के हित में नहीं हैं और यह बाबा साहेब के आदर्शों का अपमान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सरकार सामाजिक न्याय और समानता पर आधारित काम करती है और हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा किया कि प्रदेश सरकार अगले एक से दो माह के अंदर सभी चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को न्यूनतम मानदेय का लाभ दिलाएगी। सीएम ने कहा कि यह कदम श्रमिकों के सम्मान और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करेगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में जहां भी बाबा साहेब की मूर्तियां स्थापित हैं, वहां सरकार सुरक्षित बाउंड्री का निर्माण कराएगी, ताकि किसी भी अराजक व शरारती तत्व द्वारा मूर्तियों को हानि न पहुंचाया जा सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट पर भी लिखा कि बाबा साहेब के विचार और सिद्धांत भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आंबेडकर ने जिस समाज का सपना देखा था, वह आज भी सबके लिए मार्गदर्शक है।इस अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी राजधानी लखनऊ में बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने भगवान महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि दी और कार्यक्रम को संबोधित भी किया। बाबा साहेब की श्रद्धांजलि सभा में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, समाज कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, मेयर सुषमा खर्कवाल और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






