अयोध्या।पावन नगरी अयोध्या एक बार फिर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक भव्यता का केंद्र बनने जा रही है। 19 मार्च को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे शहर को सजाने के साथ-साथ सांस्कृतिक रूप से जीवंत बनाने की योजना बनाई गई है।

राष्ट्रपति के इस दौरे को विशेष और यादगार बनाने के लिए एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर तक पूरे मार्ग को सांस्कृतिक आयोजनों से सजाया जाएगा। इस दौरान करीब 20 भव्य सांस्कृतिक मंच स्थापित किए जाएंगे, जिन पर लगभग 250 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह के अनुसार, इन मंचों पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कलाकार रामायण आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसमें स्वागत गीत, भजन, बधावा, अवधी लोकगायन और पारंपरिक लोकनृत्य शामिल होंगे। इन प्रस्तुतियों के जरिए अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भव्य रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
स्वागत मार्ग के दोनों ओर स्थापित इन मंचों पर रामलीला के अंश, झांकियां, ढोल-नगाड़ा, शंखनाद और वेदपाठ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पूरा वातावरण राम भक्ति और भारतीय संस्कृति की ध्वनि से गूंज उठेगा।
शहर के प्रमुख स्थानों जैसे एयरपोर्ट रोड, नाका, देवकाली, चूड़ामणि चौराहा, निषाद राज चौराहा, बृहस्पति कुंड और राम मंदिर गेट के आसपास इन मंचों को स्थापित किया जाएगा। छोटे मंचों पर लगभग 7 कलाकारों की टीम और बड़े मंचों पर 15 कलाकारों की टीम प्रस्तुति देगी।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रपति का पारंपरिक और गरिमामय स्वागत करना है, साथ ही अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना भी है। यह आयोजन न केवल धार्मिक महत्व रखता है बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करेगा।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जा रही है। पूरे कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीम लगातार निगरानी कर रही है।
अयोध्या में होने वाला यह आयोजन भारतीय परंपरा, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम होगा। 19 मार्च को पूरा शहर एक भव्य सांस्कृतिक मंच में बदल जाएगा, जहां हर कदम पर राम भक्ति, लोक संस्कृति और आध्यात्मिकता की झलक देखने को मिलेगी।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






