अयोध्या, 24 मार्च। चैत्र रामनवमी मेले के सफल आयोजन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने जनपद अयोध्या की ओर आने वाले भारी वाहनों के लिए व्यापक यातायात डायवर्जन योजना लागू कर दी है। यह व्यवस्था 24 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे से लागू होकर 27 मार्च 2026 की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगी।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, इस अवधि में मालवाहक भारी वाहन जैसे ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर आदि को अयोध्या की ओर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और उन्हें वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। यह कदम मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
डायवर्जन प्लान के तहत सुल्तानपुर से आने वाले वाहनों को कुड़वार/कूड़ेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर मोड़ दिया जाएगा। वहीं रायबरेली से आने वाले वाहन हलियापुर से एक्सप्रेस-वे के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
आजमगढ़ और अंबेडकरनगर की दिशा से आने वाले वाहनों को गोहन्ना मोड़ से दोस्तपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा। बाराबंकी से आने वाले वाहन भिटरिया और रामसनेही घाट से हैदरगढ़ होते हुए डायवर्ट किए जाएंगे।
बस्ती जनपद से आने वाले वाहनों को लोलपुर से नवाबगंज (गोण्डा) की ओर मोड़ा जाएगा, जबकि गोण्डा से आने वाले वाहन लकड़मंडी से लोलपुर होकर बस्ती की तरफ भेजे जाएंगे।
गोरखपुर से आने वाले वाहनों के लिए विशेष रूट तय किया गया है। उन्हें लिंक एक्सप्रेस-वे से होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा संतकबीरनगर, बस्ती और आसपास के जिलों से आने वाले वाहनों को विभिन्न वैकल्पिक मार्गों जैसे कलवारी, टांडा, अकबरपुर और दोस्तपुर के जरिए भेजा जाएगा।
बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती और गोण्डा से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सीतापुर-लखनऊ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कानपुर और लखनऊ की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। इन्हें मोहनलालगंज, गोसाईगंज और चांद सराय से होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जरिए गोरखपुर की ओर भेजा जाएगा। वहीं आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों को भी लखनऊ के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
सीतापुर और शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को आईआईएम रोड, दुबग्गा, आलमबाग और शहीद पथ के जरिए अहीमामऊ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर मोड़ा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह डायवर्जन व्यवस्था केवल भारी वाहनों पर लागू होगी और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इससे छूट दी जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, जिससे मेला सकुशल संपन्न हो सके।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854






