15 Best News Portal Development Company In India

अयोध्या में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह से मची भगदड़, प्रशासन ने कहा—आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

SHARE:

अयोध्या में पेट्रोल पंप पर लगी वाहनों की लंबी कतार

अयोध्या, 25 मार्च।जनपद अयोध्या में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाह ने बुधवार को लोगों में अचानक हड़कंप मचा दिया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। कई स्थानों पर तो स्थिति मारामारी जैसी बन गई, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। इसके बावजूद अफवाहों के चलते लोग घबराकर एक साथ पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

अयोध्या में पेट्रोल पंप पर लगी वाहनों की लंबी कतार
भीड़भाड़ वाला पेट्रोल पंप, वाहनों की लंबी कतार photo credit chautha Prahari

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर बाद से ही यह अफवाह फैलनी शुरू हुई कि आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो सकती है। देखते ही देखते यह बात सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तेजी से फैल गई, जिससे आम लोगों में असमंजस और भय का माहौल बन गया।
इसका परिणाम यह हुआ कि जरूरत न होने के बावजूद लोग अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। कई पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ स्थानों पर लोगों के बीच कहासुनी की भी नौबत आ गई।
इस पूरे घटनाक्रम पर जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने स्पष्ट बयान जारी करते हुए कहा कि अयोध्या में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह से सुचारु है। उन्होंने कहा कि “जनपद में कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई लगातार जारी है।”
उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना आवश्यकता के पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं यह भी दर्शाती हैं कि लोगों में व्यवस्था को लेकर भरोसे की कमी और बाजार में अनिश्चितता की भावना बढ़ रही है। जब तक सही और समय पर जानकारी आमजन तक नहीं पहुंचेगी, तब तक इस प्रकार की अफवाहें बार-बार ऐसे हालात पैदा कर सकती हैं।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि शांति और संयम बनाए रखें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854