15 Best News Portal Development Company In India

अयोध्या में बड़ा हादसा: प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, अस्पताल सील – डॉक्टर पर FIR की तैयारी

SHARE:

परिजनों का आरोप – फोन पर निर्देश देकर कराया गया प्रसव, स्वास्थ्य विभाग ने मांगे दस्तावेज और डिग्री जांच के आदेश

अयोध्या,01 अप्रैल। जनपद में एक दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित चिकित्सकीय लापरवाही के चलते प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामला शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र के बल्लहाता स्थित मां परमेश्वरी देवी मेमोरियल हॉस्पिटल से जुड़ा हुआ है।
मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, बेनीगंज निवासी सुरेश यादव अपनी पत्नी सोनी यादव को प्रसव के लिए उक्त अस्पताल में भर्ती कराए थे। आरोप है कि प्रसव के दौरान उचित चिकित्सा व्यवस्था नहीं की गई और डॉक्टर की अनुपस्थिति में स्टाफ के भरोसे ही पूरा प्रक्रिया कराई गई।

अयोध्या अस्पताल सील प्रसव मौत मामला जांच
सील किए जाते हुए अस्पताल का फोटो

परिजनों का कहना है कि संबंधित डॉक्टर, अंजली श्रीवास्तव, मौके पर मौजूद नहीं थीं और उन्होंने फोन पर ही स्टाफ को निर्देश देकर प्रसव कराने को कहा। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में रिकाबगंज पुलिस चौकी पर एकत्र हो गए और अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। परिजनों का कहना है कि यह सीधी लापरवाही का मामला है और जिम्मेदार डॉक्टर के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। साथ ही अस्पताल के सभी दस्तावेज, लाइसेंस और डॉक्टर की डिग्री की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि अस्पताल में आवश्यक मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में जल्द ही संबंधित डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है। पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुट गई है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे अस्पतालों पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
फिलहाल, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई