अयोध्या, 02मई(चौ.प्र)। रामनगरी अयोध्या में गर्मी के बीच श्रद्धालुओं और सफाई कर्मियों की सेहत को लेकर नगर निगम ने दो बड़ी पहल की हैं। लता चौक पर ओआरएस घोल वितरण अभियान शनिवार को शुरुआत की गई, जबकि कौशलपुरी कॉलोनी में सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट दी गई।
लता चौक पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने श्रद्धालुओं को ओआरएस पैकेट और घोल वितरित कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं को ओआरएस घोल पिलाया गया और उन्हें इसके फायदे भी समझाए गए।

स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान में नगर निगम की टीम ने लोगों को बताया कि गर्मी में शरीर में पानी और नमक की कमी से डिहाइड्रेशन और डायरिया जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में ओआरएस घोल काफी मददगार होता है।
महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी सिर्फ सफाई और पेयजल तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा भी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरे महीने जारी रहेगा ताकि आने वाले हर श्रद्धालु को राहत मिल सके।
इस मौके पर पार्षद अनुज दास, रीशू पांडेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा, भाजपा नेता आलोक द्विवेदी और अन्य लोग मौजूद रहे।
सफाई कर्मियों को मिला सुरक्षा कवच
दूसरी ओर, कौशलपुरी कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम ने 50 सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट वितरित की। यह सभी कर्मचारी नाला गैंग में काम करते हैं।
किट में हेलमेट, जूते, दो एप्रिन, ग्लव्स और मास्क शामिल हैं। महापौर ने सफाई कर्मियों से कहा कि वे हमेशा सुरक्षा किट पहनकर ही काम करें और किसी भी तरह की लापरवाही न करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सफाई कार्य समय पर पूरा किया जाए और इसमें किसी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों के लिए एक स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें 200 से अधिक कर्मचारियों की जांच की गई और जरूरत के अनुसार दवाएं दी गईं।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल भी मौजूद रहे।
भविष्य में क्या असर होगा
नगर निगम की यह पहल दो स्तर पर असर दिखा सकती है। पहला, गर्मी के मौसम में श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी और रामनगरी में उनकी यात्रा सुरक्षित रहेगी। दूसरा, सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण मिलने से उनके कामकाजी हालात बेहतर होंगे और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा।
यदि यह अभियान लगातार चलता रहा तो अयोध्या में स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर एक मजबूत सिस्टम तैयार हो सकता है, जो आने वाले समय में बड़े आयोजनों और भीड़ के प्रबंधन में भी मदद करेगा।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





