लखनऊ, 02 मई(चौ.प्र.)।उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 को लेकर तैयारी अब जमीन पर दिखने लगी है। लखनऊ में प्रेस वार्ता में मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि 7 मई से 21 मई तक लोग खुद अपनी जानकारी भर सकते हैं। इसके बाद 22 मई से सरकारी टीम हर घर जाएगी और डेटा जुटाएगी। पूरी जनगणना दो चरणों में पूरी होगी और अंतिम गिनती फरवरी 2027 में होगी।

कैसे होगा काम
पहला चरण मकान और घरों की गिनती का होगा। यह 22 मई से 20 जून 2026 तक चलेगा।दूसरा चरण जनसंख्या गणना का होगा, जो फरवरी 2027 में होगा।
इससे पहले सरकार ने लोगों को मौका दिया है कि वे खुद ऑनलाइन जानकारी भर दें। इसके लिए 7 से 21 मई तक का समय रखा गया है। जानकारी भरने के बाद एक ID बनेगी, जिसे बाद में आने वाले कर्मचारी को दिखाना होगा।
हर घर पहुंचेगी टीम, कोई छूटेगा नहीं
सरकार ने साफ किया है कि अगर कोई खुद जानकारी नहीं भरता, तब भी उसका डेटा लिया जाएगा।प्रगणक हर घर जाएंगे और जानकारी दर्ज करेंगे।इस काम के लिए प्रदेश में 5.25 लाख से ज्यादा कर्मचारी लगाए गए हैं। यानी यह अभियान बड़े स्तर पर चलने वाला है।
पहली बार पूरी तरह डिजिटल व्यवस्था
इस बार जनगणना का तरीका बदला हुआ है।पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी।इससे काम जल्दी होगा और गलती की गुंजाइश कम होगी। साथ ही डेटा सीधे सिस्टम में दर्ज होगा।
आपकी जानकारी सुरक्षित रहेगी
सबसे ज्यादा लोगों का सवाल यही रहता है कि जानकारी का क्या होगा।इस पर साफ किया गया है कि जनगणना में दी गई हर जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है।इसे न पुलिस इस्तेमाल कर सकती है और न टैक्स विभाग।यह डेटा सिर्फ योजनाएं बनाने के लिए काम आता है।
पूरे प्रदेश में बड़ा नेटवर्क तैयार
जनगणना का काम पूरे उत्तर प्रदेश में एक साथ चलेगा।
75 जिले, 783 शहर और 350 तहसील इसमें शामिल हैं।
करीब 1 लाख से ज्यादा गांवों तक टीम पहुंचेगी।इसके लिए लाखों छोटे-छोटे ब्लॉक बनाकर जिम्मेदारी तय की गई है।
मदद के लिए नंबर भी जारी
अगर किसी को जानकारी चाहिए या कोई दिक्कत हो, तो 1855 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।यह टोल फ्री नंबर है।
आगे क्या बदलेगा
जनगणना सिर्फ गिनती नहीं है, यही आगे की योजनाओं की नींव है।इसी डेटा से तय होता है कि कहां स्कूल चाहिए, कहां अस्पताल और कहां सड़क।अगर जानकारी सही दी गई, तो योजनाएं भी सही बनेंगी।सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे सही और पूरी जानकारी जरूर दें।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





