15 Best News Portal Development Company In India

अयोध्या के 42% इलाके ‘लू’ की चपेट में, नगर निगम ने लागू किया हीट एक्शन प्लान

SHARE:

अयोध्या, 06 मई(चौथा प्रहरी)। जनपद में बढ़ती गर्मी अब चिंता का कारण बन गई है। शहर के करीब 42 फीसदी हिस्से में ‘लू’ का खतरा सामने आया है। इसे देखते हुए नगर निगम ने हीट एक्शन प्लान लागू कर दिया है। इस योजना का मकसद शहर के लोगों और हर साल आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को तेज गर्मी से बचाना है।
नगर निगम ने यह योजना नेचुरल रिसोर्सेज डिफेंस काउंसिल और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ गांधीनगर के साथ मिलकर तैयार की है। शहर में पहली बार इस तरह का वैज्ञानिक प्लान लागू किया गया है। इसके तहत घाटों, मंदिरों और ज्यादा भीड़ वाले रास्तों को छायादार बनाने पर खास ध्यान दिया जाएगा।
सिविल लाइन स्थित होटल ‘पार्क इन’ में आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त जैनेंद्र कुमार ने बताया कि अयोध्या तेजी से विकसित हो रहा धार्मिक शहर है। यहां हर साल आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही शहरीकरण और निर्माण कार्य भी तेजी से हो रहा है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि शुरुआती अध्ययन में यह सामने आया है कि दिन के मुकाबले रात का तापमान ज्यादा तेजी से बढ़ रहा है। इससे “गर्म रातों” की समस्या बढ़ रही है, जो सेहत के लिए खतरनाक हो सकती है।
नगर निगम के अनुसार, अयोध्या के 25 वार्ड ऐसे हैं जो हाई या बहुत ज्यादा गर्मी के जोखिम वाले इलाके में आते हैं। यह शहर के कुल 42 प्रतिशत हिस्से के बराबर है।

अयोध्या में गर्मी को लेकर बैठक करते हुए अधिकारी
हीट एक्शन प्लान के तहत कई कदम उठाए जाएंगे। इनमें छायादार रास्ते बनाना, कूलिंग शेल्टर तैयार करना, मिस्टिंग सिस्टम लगाना और सार्वजनिक जगहों पर ठंडक के इंतजाम शामिल हैं। मंदिर परिसर, घाट और बस-स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पुराने जल स्रोतों को फिर से जीवित करने और कूल रूफ तकनीक को बढ़ावा देने पर भी काम होगा। जलवायु के अनुकूल भवन निर्माण को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि साल 2050 तक तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। ऐसे में यह योजना न सिर्फ मौजूदा हालात को संभालने में मदद करेगी, बल्कि आने वाले समय के लिए भी शहर को तैयार करेगी।
इस मौके पर अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन, नेचुरल रिसोर्स डिफेंस काउंसिल की कंट्री हेड दीपा बगाई (सेवानिवृत्त IAS), मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी(प्रशासन) डॉ. आरपी सिंह, परियोजना समन्वयक सुखविंदर सिंह, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीसी भारती, सहायक जिला कृषि अधिकारी राहुल कुमार मिश्र, कृषि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. सत्यव्रत सिंह और क्षेत्रीय वनाधिकारी एसपी सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854