लखनऊ,10मई(चौथा प्रहरी)। राजधानी लखनऊ में शनिवार को राज्यसभा सांसद संजय सेठ के आवास पर हुए एक शिष्टाचार डिनर ने यूपी की राजनीति का तापमान बढ़ा दिया। योगी सरकार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और राज्यसभा की खाली होने वाली सीटों से पहले इस डिनर में कई बड़े राजनीतिक चेहरे एक साथ दिखाई दिए। इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में नए समीकरणों और अंदरखाने चल रही चर्चाओं को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

डिनर में केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी सबसे ज्यादा चर्चा में रही। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार से पहले बीजेपी संगठन और सरकार के बीच लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। ऐसे समय में इस तरह का राजनीतिक जमावड़ा काफी अहम माना जा रहा है।
पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी डिनर में पहुंचे। उनकी मौजूदगी ने संगठन के भीतर चल रही गतिविधियों को लेकर चर्चाओं को और हवा दी। वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का पहुंचना भी खास माना गया। लंबे समय से यूपी बीजेपी की राजनीति में सक्रिय रहे मनोज सिन्हा की मौजूदगी को कई लोग बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देख रहे हैं।
इस डिनर की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए भी हुई क्योंकि इसमें विपक्ष से जुड़े चेहरे भी नजर आए। जनसत्ता दल के नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और बसपा के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू कर दी। अलग-अलग दलों के नेताओं का एक मंच पर दिखना आने वाले समय में संभावित राजनीतिक रणनीतियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी डिनर में हिस्सा लिया। सूत्रों के मुताबिक, राज्यसभा सीटों और संगठन में संभावित बदलावों को लेकर अंदरखाने बातचीत का दौर लगातार जारी है।
हालांकि इसे आधिकारिक तौर पर शिष्टाचार मुलाकात और डिनर बताया गया, लेकिन जिस तरह से अलग-अलग राजनीतिक दलों और बीजेपी के बड़े नेताओं की मौजूदगी रही, उससे साफ है कि यूपी की राजनीति में आने वाले दिनों में कुछ बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।
योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पहले से ही चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में इस डिनर ने राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। आने वाले दिनों में संगठन और सरकार दोनों स्तर पर नए चेहरे और नई जिम्मेदारियां देखने को मिल सकती हैं।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





