15 Best News Portal Development Company In India

डीजल खर्च घटाने के लिए नगर निगम सख्त,जनरेटर और सरकारी वाहनों के इस्तेमाल पर लगेगी रोक

SHARE:

अयोध्या,13मई(चौथा प्रहरी)। रामनगरी अयोध्या में बढ़ते डीजल खर्च को कम करने के लिए नगर निगम ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के बीच हुई बैठक के बाद विभागाध्यक्षों को नए निर्देश जारी किए गए हैं। नगर निगम ने साफ कहा है कि अब जनरेटर और सरकारी वाहनों का इस्तेमाल केवल जरूरत पड़ने पर ही किया जाएगा।

अयोध्या नगर निगम द्वारा डीजल बचत और बड़ा मंगल भंडारा तैयारियों की बैठक
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यालयों में जनरेटर का प्रयोग कम से कम हो। बिजली की सामान्य व्यवस्था होने पर जनरेटर नहीं चलाया जाएगा। इससे डीजल खर्च में बड़ी कटौती करने की तैयारी है।
इसके साथ ही सरकारी वाहनों के इस्तेमाल को भी सीमित करने का फैसला लिया गया है। कर्मचारियों से कहा गया है कि वे सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल करें। महापौर ने पार्षदों से भी अपील की है कि ज्यादा डीजल खर्च करने वाले वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहन या दोपहिया वाहन का उपयोग करें।
नगर निगम का मानना है कि छोटे-छोटे बदलाव से ईंधन की बचत के साथ खर्च भी कम होगा। आने वाले समय में दूसरे विभागों में भी इसी तरह के कदम लागू किए जा सकते हैं।
इधर बड़ा मंगल को लेकर भी नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर में लगने वाले भंडारों पर सफाई और पेयजल की व्यवस्था नगर निगम करेगा। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003131277 जारी किया गया है। आयोजकों से कहा गया है कि वे पहले से सूचना दें ताकि जरूरत के हिसाब से पानी, डस्टबिन और सफाई की व्यवस्था की जा सके।
महापौर ने लोगों से अपील की है कि भंडारों में ईंधन की बचत को ध्यान में रखते हुए फल, लस्सी और जूस जैसी चीजों का वितरण बढ़ाया जाए। साथ ही प्लास्टिक कोटेड दोना-पत्तल की जगह साधारण कागज या पत्तल का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भंडारा स्थलों पर “जीरो प्लास्टिक” के पोस्टर भी लगाए जाएं। नगर निगम का यह अभियान ईंधन बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी फोकस करेगा।

VINAY PRAKASH SINGH
Author: VINAY PRAKASH SINGH

Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854