अयोध्या, 22मई(चौथा प्रहरी)। रामनगरी अयोध्या में गुरुवार को कीर्ति चक्र विजेता शहीद लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी की प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और मंडलायुक्त राजेश कुमार ने प्रतिमा का अनावरण किया। नगर निगम ने लाला लाजपत राय वार्ड के मझवा गद्दोपुर में आरटीओ कार्यालय के पीछे करीब 10 लाख रुपये की लागत से पार्क और प्रतिमा का निर्माण कराया है।
लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी बीते 22 मई 2025 को नॉर्थ सिक्किम में एक सैन्य अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। बताया गया कि उन्होंने अपने अग्निवीर साथी स्टीफन सुब्बा की जान बचाने की कोशिश में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनके साहस और बलिदान के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शहीद के पिता जंग बहादुर तिवारी ने वैदिक रीति-रिवाज से प्रतिमा का पूजन किया। वहीं उनकी माता नीता तिवारी अपने बेटे की प्रतिमा देखकर भावुक हो उठीं। समारोह में मौजूद लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी और उनके साहस को याद किया।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या को शशांक जैसे वीर सपूत पर गर्व है। उन्होंने कहा कि नगर निगम लगातार शहीदों की स्मृति में काम कर रहा है और जल्द ही शहीद के नाम पर एक स्मृति गेट भी बनवाया जाएगा।
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि शशांक जैसे सैनिक युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
पूर्व सैनिक परिषद के जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश पाठक ने भी शशांक तिवारी की शहादत पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने किया।
इस मौके पर डोगरा रेजिमेंट के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभात साटम, मेजर गोकुल बाल्यान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल संजीव कुमार, नगर निगम उपसभापति संतोष सिंह, पूर्व उपसभापति जयनारायण सिंह रिंकू समेत कई जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
शहर में शहीद की प्रतिमा और पार्क बनने से आने वाली पीढ़ियों को उनके साहस और देशभक्ति की प्रेरणा मिलती रहेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान अब युवाओं के लिए सम्मान और प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





