अयोध्या,24मई(चौथा प्रहरी)। रामनगरी अयोध्या में जल्द ही एक नया और अनोखा पर्यटन केंद्र बनने जा रहा है। राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के तहत रायबरेली राजमार्ग पर मऊशिवाला एमआरएफ सेंटर के पास 17.72 करोड़ रुपये की लागत से भव्य लव-कुश पार्क बनाया जाएगा। इस पार्क की खास बात यह होगी कि इसे ‘कचरे से कला’ थीम पर विकसित किया जाएगा। यहां स्क्रैप धातु और बेकार सामग्री से रामायण की कहानियों को जीवंत रूप दिया जाएगा।
नगर निगम की ओर से तैयार की जा रही इस परियोजना का उद्देश्य सिर्फ पर्यटन बढ़ाना नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूत करना है। पार्क में भगवान राम के पुत्र लव और कुश से जुड़ी कथाओं को आधुनिक कला और तकनीक के जरिए दिखाया जाएगा।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के मुताबिक पार्क में रामायण के कई प्रमुख प्रसंगों को स्क्रैप धातु की मूर्तियों और इंस्टालेशन के जरिए दर्शाया जाएगा। इसमें राम-सीता, लव-कुश, अश्वमेध यज्ञ और वनवास से जुड़े दृश्य शामिल होंगे। पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के लिए 3D मॉडल, साउंड और लाइट शो जैसी सुविधाएं भी लगाई जाएंगी।
पार्क को इस तरह तैयार किया जाएगा कि लोग सिर्फ घूमने ही नहीं आएं, बल्कि रामायण की कहानियों को महसूस भी कर सकें। खास तौर पर लव-कुश द्वारा अश्वमेध यज्ञ के घोड़े को रोकने वाले प्रसंग को आधुनिक तकनीक के साथ पेश किया जाएगा।
इस परियोजना की एक बड़ी खासियत यह भी है कि इसमें शहर के कचरे और स्क्रैप मटेरियल का इस्तेमाल होगा। इससे लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की जाएगी कि कचरा सिर्फ बोझ नहीं बल्कि उपयोगी संसाधन भी हो सकता है। पार्क के जरिए पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए यहां विशेष टूर और वर्कशॉप आयोजित करने की योजना है। इसमें बच्चों और युवाओं को रीसाइक्लिंग, स्वच्छता और पर्यावरण के महत्व के बारे में बताया जाएगा।
अयोध्या पहले से ही राम मंदिर, हनुमान गढ़ी और कनक भवन जैसे धार्मिक स्थलों की वजह से देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। ऐसे में लव-कुश पार्क शहर के पर्यटन को नई पहचान दे सकता है। पार्क में वॉकवे, हरियाली, बैठने की व्यवस्था, रोशनी और सुरक्षा जैसी आधुनिक सुविधाएं भी होंगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की परियोजनाएं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देती हैं। इससे पर्यटन से जुड़े रोजगार बढ़ेंगे और स्थानीय कलाकारों को भी काम मिलेगा। नगर निगम के अनुसार पार्क का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
यह परियोजना अयोध्या को सिर्फ धार्मिक नगरी ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक और पर्यावरणीय सोच वाले आधुनिक शहर के रूप में भी स्थापित कर सकती है। आने वाले समय में यह पार्क श्रद्धालुओं, पर्यटकों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए बड़ा आकर्षण बन सकता है।
Author: VINAY PRAKASH SINGH
Registration NO. UDYAM -UP-24-0043854





